Breaking News

रायपुर रेलवे मंडल का समपार फाटक जागरूकता अभियान जारी


शहर 09 June 2026
post

रायपुर रेलवे मंडल का समपार फाटक जागरूकता अभियान जारी

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल के अंतर्गत संरक्षा विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस के अवसर पर 06 जून 2026 से 12 जून 2026 तक विशेष समपार फाटक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे समपार फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना, आम नागरिकों को सुरक्षित पार करने के नियमों की जानकारी देना तथा रेलवे संरक्षा को मजबूत बनाना है। इसी क्रम में 09 जून 2026 को मंडल रेल प्रबंधक दयानंद के नेतृत्व में एक वाकाथन का आयोजन किया गया, जिसमें रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, स्काउट एंड गाइड के विद्यार्थियों, सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों और आरपीएफ कर्मियों सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

यह वाकाथन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय रायपुर से प्रारंभ होकर समपार फाटक क्रमांक 417 (खमतराई फाटक) तक आयोजित किया गया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने हाथों में जागरूकता बैनर लेकर आमजन को संदेश दिया कि समपार फाटक बंद होने पर उसे पार करने का प्रयास न करें। अभियान के दौरान पाम्पलेट वितरण, बैनर प्रदर्शन तथा जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोगों को लगातार सावधान किया गया।

खमतराई फाटक पर स्काउट एंड गाइड के विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें समपार फाटक पर लापरवाही से होने वाले हादसों और उनके परिणामों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 180 लोगों की भागीदारी रही, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक के साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी तथा अन्य शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अभियान के अंतर्गत 08 जून 2026 को भी रायपुर मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

संरक्षा अधिकारियों, सलाहकारों, सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों और स्काउट एंड गाइड की टीमों ने सेरीखेड़ी गेट (RV-20), जोरा गेट (RV-10), स्टेडियम गेट (RV-17), ओटगन गेट (375), दगोरी गेट, चैनगंज गेट (DD-33), खापरी गेट (DD-46), बाघमारा गेट (DD-48) सहित कई समपार फाटकों पर पहुंचकर लोगों को जागरूक किया। इसके अलावा दुर्ग, मंदिरहसौद, लखोली, दगोरी, बालोद, निपनियां, सिकोसा और लाटाबोर स्टेशनों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन स्थानों पर टीमों ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को पाम्पलेट वितरित किए, स्टीकर लगाए और बैनर के माध्यम से संदेश प्रसारित किया। साथ ही ट्रेन संख्या 68760, 58203 और 78815 में यात्रा कर रहे यात्रियों को भी जागरूक किया गया।

रेलवे कर्मचारियों ने यात्रियों को बताया कि समपार फाटक बंद होने पर उसे पार करना अत्यंत खतरनाक होता है और यह दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनता है। इस दौरान लगभग 960 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से काउंसलिंग देकर सुरक्षित व्यवहार अपनाने की सलाह दी गई। रेलवे अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि फाटक पार करते समय वाहन की गति धीमी रखें, फाटक बंद होने की स्थिति में धैर्यपूर्वक इंतजार करें और केवल सिग्नल हरा होने पर ही आगे बढ़ें।

इसके साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि फाटक पार करते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, क्योंकि इससे ध्यान भटकता है और दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। इस पूरे अभियान के दौरान रेलवे संरक्षा विभाग द्वारा ऑडियो संदेशों के माध्यम से भी जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया। विभिन्न स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों पर लाउडस्पीकर के जरिए सुरक्षा संदेश प्रसारित किए गए, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक यह जानकारी पहुंच सके। स्काउट एंड गाइड की टीमों ने दुर्ग स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को सुरक्षित रेलवे व्यवहार के प्रति जागरूक किया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान 12 जून 2026 तक जारी रहेगा।

इस दौरान लगातार विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम, काउंसलिंग, पाम्पलेट वितरण और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य है कि समपार फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन को सुरक्षित रेलवे उपयोग के प्रति जिम्मेदार बनाया जा सके। रेलवे अधिकारियों ने यह भी कहा कि संरक्षा ही सर्वोच्च प्राथमिकता है और नागरिकों की सहभागिता से ही इस प्रकार के अभियान सफल हो सकते हैं। आने वाले दिनों में और अधिक क्षेत्रों को कवर कर व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाने की योजना है, ताकि कोई भी व्यक्ति अनजाने में नियमों की अनदेखी न करे और सभी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित कर सकें।


You might also like!


RAIPUR WEATHER