एमसीबी । जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आज आमाखेरवा ग्राउंड, मनेंद्रगढ़ में नवीन फिजियोथेरेपी कॉलेज के निर्माण कार्य (लागत 1393.71 लाख रुपये) का भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करते हुए की गई। कार्यक्रम का प्रारंभ राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्”, राष्ट्रगान “जन गण मन” तथा छत्तीसगढ़ का राजकीय गीत “अरपा पैरी के धार” के साथ हुआ।
इस दौरान फिजियोथेरेपी कॉलेज, जिला एमसीबी के प्रभारी प्राचार्य राहुल जैन ने फिजियोथेरेपी के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फिजियोथेरेपी आधुनिक चिकित्सा पद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो विभिन्न शारीरिक समस्याओं के उपचार में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होती है। इसके बाद मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि एमसीबी जिले में विकास की गाथा लगातार आगे बढ़ रही है और आज उसमें एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह फिजियोथेरेपी कॉलेज क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा, “हम जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं। हम हवा में काम नहीं करते, बल्कि जमीनी स्तर पर विकास कार्यों को मूर्त रूप देते हैं।” मंत्री जायसवाल ने सभी जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि आने वाले समय में नर्सिंग कॉलेज का कार्य भी प्रारंभ किया जाएगा तथा मेडिकल कॉलेज एवं फिजियोथेरेपी कॉलेज का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जिले के विकास के लिए अनेक नवीन कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि 108 संजीवनी एम्बुलेंस सेवा के तहत जिले को 12 नई एम्बुलेंस प्राप्त हुई हैं, जिनका शुभारंभ चिरमिरी में किया जा चुका है। इससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द जिले में सभी प्रकार की उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे लोगों को बाहर इलाज के लिए जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने बताया कि पीएम जनमन योजना के अंतर्गत एमसीबी जिले में मोबाइल मेडिकल यूनिट (चलित अस्पताल) के माध्यम से दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में लोगों को उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अंत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है और “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास” के संकल्प के साथ कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष नई लेदरी वीरेंद्र सिंह राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष झगराखंड रीमा यादव, सरपंच परसगड़ी बुद्धू सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल केसरवानी एवं लखन लाल श्रीवास्तव, जिला महामंत्री आशीष मजूमदार, जिला उपाध्यक्ष आशीष सिंह, जिला मीडिया प्रभारी रामचरित द्विवेदी, जिला मंत्री प्रवीण सिंह, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अंकित शर्मा, चिरमिरी मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर, झगराखंड मंडल अध्यक्ष बबीता सिंह, रीत जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे सहित सभी अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।







