इंडियन प्रीमियर लीग सीजन का 44वां मैच चेपॉक में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया. ये इस सीजन दोनों के बीच दूसरी टक्कर थी. दूसरी बार भी CSK ने जीत दर्ज की. इस हार के साथ MI का प्लेऑफ में पहुंचने का रास्ता लगभग बंद हो चुका है, अब कोई चमत्कार ही इस टीम को प्लेऑफ तक पहुंचा सकता है. हालांकि पॉइंट्स टेबल में उनके स्थान में कोई बदलाव नहीं हुआ है, जबकि चेन्नई ने छलांग लगाई है.
मैच की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए थे. अंत में हार्दिक पांड्या 78 की स्ट्राइक रेट से 18 रन बनाए, इस धीमी पारी से MI अच्छे टोटल तक नहीं पहुंच पाई. लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 48 गेंदों में 67 रनों की शानदार पारी खेली. इम्पैक्ट प्लेयर बनकर ऐ कार्तिक शर्मा ने 40 गेंदों में 50 रन बनाए. गायकवाड़ को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड मिला.
अंक तालिका में कहां पहुंची चेन्नई?
चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर अंक तालिका में एक पायदान ऊपर छलांग लगाई है. CSK सातवें से छठे स्थान पर आ गई है. चेन्नई की 9 मैचों में ये चौथी जीत थी. चेन्नई की जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स एक पायदान नीचे (सातवें स्थान पर) लुढ़क गई. DC ने भी 9 में से 4 मैच जीते हैं. दिल्ली और चेन्नई के 8-8 अंक हैं, लेकिन चेन्नई का नेट रन रेट (+0.005) दिल्ली (-0.895) से बेहतर है.
9वें स्थान पर बनी हुई है मुंबई
मुंबई इंडियंस की 9 मैचों में ये 7वीं हार थी. MI अंक तालिका में नौवें स्थान पर बनी हुई है, टीम के 4 अंक और नेट रन रेट -0.803 का है. 10वें स्थान पर सुपर जायंट्स है, जिसने 8 में से 2 मैच गंवाए हैं. LSG के 4 अंक और -1.106 का नेट रन रेट है. कोलकाता नाइट राइडर्स अंक तालिका में आठवें नंबर पर है, जिसने 8 में से 2 मैच जीते हैं और उनका एक मैच रद्द हुआ था. KKR के 5 अंक हैं.टॉप-4 में कौन सी टीमें
पंजाब किंग्स अंक तालिका में सबसे ऊपर है. पंजाब ने 8 में से 6 मैच जीते हैं जबकि सिर्फ 1 मैच हारा है. पंजाब के 13 अंक हैं. दूसरे नंबर पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, तीसरे नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद और चौथे नंबर पर राजस्थान रॉयल्स है. तीनों टीमों के 12-12 अंक हैं. लेकिन नेट रन रेट RCB (+1.420) का SRH (+0.832) और RR (+0.510) से बेहतर है.
गुजरात टाइटंस अंक तालिका में पांचवे नंबर पर है. गुजरात ने 9 ने से 5 मैच जीते हैं. GT के 10 अंक और नेट रन रेट -0.192 का है.
IPL 2026 में आज किसका मैच है?
आज रविवार, 3 मई को आईपीएल में 2 मैच खेले जाने हैं. पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच दोपहर 3:30 से खेला जाएगा. दूसरे मुकाबले में गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स आमने सामने होगी, ये मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा.







