रायपुर, 04 मई । छत्तीसगढ़ के कवर्धा (कबीरधाम) जिले में 3 और 4 मई की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पांडातराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंडई गांव के पास फोक नदी में एक बेकाबू कार गिरने से चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दाे अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, सभी युवक रायपुर के बिरगांव इलाके के निवासी थे और पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शादी की रस्में पूरी करने के बाद वे टाटा टियागो कार (CG 10 AS 1082) से वापस रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान गंडई गांव के पास फोक नदी के पुल पर उनकी कार तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी।
पांडातराई थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की प्राथमिक वजह अत्यधिक तेज रफ्तार है। पुल के पास एक तीखा मोड़ है, जहां चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे नदी में गिर गई।
हादसे के समय कार में कुल 6 लोग सवार थे। मृतकों की पहचान अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन के रूप में हुई है। वहीं, जुनैद रज़ा और आरज़ू खान गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें पहले जिला अस्पताल कवर्धा ले जाया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद पंडरिया स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Breaking News
- नाटो के रुट्टे का कहना है कि यूरोपीय देशों को ट्रंप से 'संदेश मिल गया है
- नेपाल में बागमती प्रदेश के मुख्यमंत्री के घर और दफ्तर पर छापा
- सर्वोच्च न्यायालय में 21,22 एवं 23 अगस्त को विशेष लोक अदालत समाधान समारोह का हाेगा आयोजन
- ISRO ने ‘मिशन दृष्टि’ लॉन्च पर GalaxEye को दी बधाई, भारत की अंतरिक्ष यात्रा में बड़ा कदम
- वैल्यू 360 कम्युनिकेशंस का आईपीओ लॉन्च, 11 मई को हो सकती है लिस्टिंग
- कमाई के मामले में आगे निकली 'राजा शिवाजी'
- कच्चे तेल का भाव लुढ़ककर 107 डॉलर प्रति बैरल पर
- भारत ने लिपुलेख दर्रे से होकर कैलाश मानसरोवर यात्रा पर नेपाल की आपत्ति को खारिज करते हुए इसे अनुचित बताया।
- असम विधानसभा चुनाव परिणाम: भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता बरकरार रखने के लिए तैयार है
- असम विधानसभा के रुझान: भाजपा 78 सीटों पर आगे, एजीपी 10 सीटों पर आगे
छत्तीसगढ़ में बेकाबू कार नदी में गिरी, चार युवकों की मौत और दाे गंभीर







