पश्चिम एशिया में तनाव के बीच अमरीका ने ओमान की खाड़ी में ईरानी झंडे वाले एक तेल टैंकर को रोकने और निष्क्रिय करने का दावा किया है। अमरीकी सेना के अनुसार, एम-टी हसना नाम का यह टैंकर अमरीकी समुद्री नाकेबंदी तोड़कर ईरानी बंदरगाह की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहा था। अमरीकी सेंट्रल कमांड यानी सेंटकॉम ने कहा कि जहाज़ को कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन चालक दल की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद विमानवाहक पोत यू.एस.एस अब्राहम लिंकन से उड़ान भरने वाले अमरीकी नौसेना के एफ-ए अठारह लड़ाकू विमान ने जहाज़ के दिशा नियंत्रित करने वाले हिस्से को निशाना बनाकर फायरिंग की, जिससे टैंकर आगे बढ़ने में असमर्थ हो गया। सेंटकॉम ने कहा है कि यह टैंकर अब ईरान की ओर नहीं बढ़ रहा है और ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी पूरी तरह लागू है।
हालांकि, इस घटना पर ईरान की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। इस बीच, पश्चिम एशिया में समुद्री सैन्य गतिविधियां बढ़ने और अमरीका-ईरान के बीच बातचीत जारी रहने से क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।







