Breaking News

सैफ महिला चैम्पियनशिप: भारत ने भूटान को हराकर फाइनल में बनाई जगह, अब बांग्लादेश से होगी भिड़ंत


खेल 04 June 2026
post

सैफ महिला चैम्पियनशिप: भारत ने भूटान को हराकर फाइनल में बनाई जगह, अब बांग्लादेश से होगी भिड़ंत

मडगांव (गोवा), 04 जून।पांच बार की चैम्पियन भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने सैफ महिला चैम्पियनशिप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में बुधवार रात भूटान को 1-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब खिताबी मुकाबले में भारत का सामना मौजूदा चैम्पियन बांग्लादेश से शनिवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा।ग्रुप चरण में दो मैचों में 14 गोल करने वाली भारतीय टीम से एकतरफा प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन भूटान ने शानदार रक्षात्मक खेल दिखाते हुए मुकाबले को कड़ा बनाए रखा। लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंची भूटान की टीम ने भारतीय आक्रमण को लंबे समय तक रोके रखा।

फीफा रैंकिंग में 69वें स्थान पर मौजूद भारत ने अधिकांश समय गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन पहले हाफ में गोल नहीं कर सका। करिश्मा, सौम्या गुगुलोथ और अवेका सिंह ने मौके बनाए, लेकिन खराब फिनिशिंग और भूटान की गोलकीपर के शानदार प्रदर्शन के कारण मध्यांतर तक स्कोर 0-0 रहा।
भूटान ने भी जवाबी आक्रमण में कुछ अच्छे मौके बनाए, लेकिन उन्हें गोल में नहीं बदल सकी।
दूसरे हाफ में लगातार दबाव का फायदा भारत को 60वें मिनट में मिला, जब सनफिदा नोंगरुम ने गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। यही गोल अंत में निर्णायक साबित हुआ।इसके बाद मुख्य कोच क्रिस्पिन छेत्री ने मनीषा कल्याण और प्यारी जाक्षा जैसी अनुभवी खिलाड़ियों को मैदान पर उतारा, लेकिन भारत बढ़त नहीं बढ़ा सका। दूसरी ओर भूटान ने अंत तक संघर्ष जारी रखा और भारतीय रक्षा पंक्ति को चुनौती देती रही।

हालांकि, अतिरिक्त समय तक मुकाबला ले जाने के लिए जरूरी गोल भूटान नहीं कर सकी और भारत ने 1-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह पक्की कर ली।भारत अब 2019 के बाद पहली बार सैफ महिला चैम्पियनशिप का खिताब जीतने से सिर्फ एक जीत दूर है।
इससे पहले पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश ने नेपाल को 2-1 से हराकर लगातार तीसरी बार फाइनल में प्रवेश किया। बांग्लादेश ने 2022 और 2024 संस्करण भी अपने नाम किए थे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER