Breaking News

जगन्नाथ रथयात्रा: पीएम मोदी ने पावन रथयात्रा पर दी शुभकामनाएं, कहा- भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की अनूठी अभिव्यक्ति


देश 16 July 2026
post

जगन्नाथ रथयात्रा: पीएम मोदी ने पावन रथयात्रा पर दी शुभकामनाएं, कहा- भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की अनूठी अभिव्यक्ति

आज से विश्व प्रसिद्ध प्रभु जगन्नाथ जी पावन रथयात्रा की शुरुआत हो रही है। ऐसे में पीएम मोदी ने श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा के शुभारंभ पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि महाप्रभु जगन्नाथ का आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे। उनकी दिव्य कृपा से सभी देशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार हो। साथ ही, कहा कि यह रथयात्रा भारत की सदियों पुरानी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की एक अनूठी अभिव्यक्ति है।

पीएम मोदी ने गुरुवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “पवित्र रथयात्रा के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह भारत की सदियों पुरानी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की एक अनूठी अभिव्यक्ति है। रथयात्रा से जुड़ी परंपराओं ने भारत और दुनिया भर में कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है। ये परंपराएं विनम्रता, सामूहिक भागीदारी और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक हैं।”
उन्होंने प्रार्थना की कि महाप्रभु जगन्नाथ सभी को उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि का आशीर्वाद दें। वे हमें हमारे सभी प्रयासों के लिए शक्ति प्रदान करें और हमारे समाज में एकजुटता की भावना को और मजबूत करें।

एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, “महाप्रभु जगन्नाथ की रथ यात्रा के पावन अवसर पर मेरी कामना है कि उनका आशीर्वाद हम सभी पर सदैव बना रहे। उनकी दिव्य कृपा से सभी देशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार हो।” इस अवसर पर पीएम मोदी ने ‘संस्कृति सुभाषितम्’ भी शेयर किया। उन्होंने लिखा, “देवदेव जगन्नाथ सुरासुरनमस्कृत। पुण्यश्लोकाव्ययानन्त परमात्मन्नमोऽस्तु ते।”

‘संस्कृति सुभाषितम्’ में कहा गया है, “देवताओं के भी देव और संपूर्ण जगत के स्वामी भगवान जगन्नाथ की देवताओं से लेकर समस्त प्राणी श्रद्धा पूर्वक उपासना करते हैं। उनका यश पवित्र और कल्याणकारी है। वे अविनाशी, अनंत और समस्त प्राणियों के हृदय में विराजमान परमात्मा हैं। ऐसे भगवान जगन्नाथ को बार-बार नमस्कार है।”

वहीं देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा के शुभारंभ पर सभी श्रद्धालुओं को बधाई और मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “श्री जगन्नाथ जी की कृपा से आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो। जय जगन्नाथ।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पोस्ट किया, “समस्त देशवासियों को श्री जगन्नाथ रथयात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं। विश्वप्रसिद्ध जगन्नाथ रथयात्रा अटूट आस्था, विश्वास और भक्ति का प्रतीक है। यह पवित्र रथयात्रा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासतों को सहेजने और भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा को दर्शाती है। महाप्रभु जगन्नाथ, वीर बलभद्र व माता सुभद्रा से सभी की सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना करता हूं।”

You might also like!


RAIPUR WEATHER