प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी ग्लासगो में आयोजित इस बहु-खेल प्रतियोगिता में पूरे जोश, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। पीएम ने कहा कि भारतीय एथलीटों का हुनर और समर्पण हमेशा अनगिनत देशवासियों को प्रेरित करता है।
पीएम मोदी ने एक्स पर दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 शुरू हो रहे हैं। भारतीय दल को मेरी शुभकामनाएं। मुझे भरोसा है कि हमारे एथलीट गेम्स में जोश, पक्के इरादे और बेहतरीन खेल के साथ हिस्सा लेंगे। हमारे एथलीटों का हुनर और लगन हमेशा अनगिनत भारतीयों को प्रेरित करता है।”
रंगारंग समारोह के साथ हुआ आगाज
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का उद्घाटन गुरुवार को रंगारंग समारोह के साथ हुआ। किंग चार्ल्स तृतीय ने आधिकारिक तौर पर खेलों का उद्घाटन किया। ग्लासगो 2014 के बाद दूसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी कर रहा है।
मीराबाई और लवलीना ने किया भारतीय दल का नेतृत्व
परेड ऑफ नेशंस के दौरान ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन ने भारतीय दल का नेतृत्व किया। वेटलिफ्टिंग की ओलंपिक रजत पदक विजेता मीराबाई ने तिरंगा थामा, जबकि टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना ने सेरेमोनियल कॉमनवेल्थ बैटन उठाया।
13 खेलों में चुनौती पेश करेगा भारत
भारत ने 126 सदस्यीय दल भेजा है, जो पैरा स्पोर्ट्स समेत 13 खेलों में हिस्सा लेगा। भारतीय टीम का अभियान उद्घाटन समारोह से पहले ही शुरू हो गया था। लॉन बॉल्स टीम प्रतियोगिता में उतरने वाली पहली भारतीय टीम बनी, जबकि लवलीना बोरगोहेन सेमीफाइनल में पहुंचकर पहले ही भारत के लिए एक पदक पक्का कर चुकी हैं।
इन खिलाड़ियों पर रहेंगी पदक की उम्मीदें
भारत की पदक उम्मीदें जेवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा, वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू और मुक्केबाजी में लवलीना बोरगोहेन जैसे स्टार खिलाड़ियों पर टिकी हैं। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में 74 कॉमनवेल्थ देशों और क्षेत्रों के खिलाड़ी 11 दिनों तक 10 खेलों में पदकों के लिए मुकाबला करेंगे।







