हजारों कदमों के साथ गूंजे भारत माता के जयकारे, नगर की सड़कों पर उमड़ा देशभक्ति का सैलाब’
कोरिया 11 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पंचायत पटना में देशभक्ति का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। नगर में 251 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगे को थामे 1000 से अधिक नागरिक, बच्चे, जनप्रतिनिधि, व्यापारी, शिक्षक और विभिन्न वर्गों के लोग नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। इस दौरान पूरा नगर भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के गीतों से गूंज उठा।
यात्रा में विधायक श्री भईयालाल राजवाड़े, नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री सिंह, उपाध्यक्ष गौरव अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष वसीम खान, सहित श्री देवेंद्र तिवारी, श्री कृष्ण विहारी जायसवाल, श्री रविशंकर शर्मा, श्री जवाहर लाल गुप्ता, रेखा वर्मा, परमिला सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रवीण उपाध्याय सहित अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय शिक्षक, पुलिस प्रशासन, व्यापारी संघ और स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
’जगह-जगह हुआ तिरंगा यात्रा का स्वागत’
251 फीट लंबे तिरंगे को लेकर निकली यात्रा जब नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी तो जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर इसका स्वागत किया। बच्चे और युवा हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए।
नगर पंचायत पटना की इस भव्य तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और खास बना दिया। विशाल तिरंगे के साथ निकली यह यात्रा नगरवासियों के लिए देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव का यादगार अवसर बन गई।







