जिले में मादक पदार्थों के नियंत्रण और नशा मुक्त भारत अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एनकॉर्ड एवं नशा मुक्त भारत अभियान की जिला स्तरीय समिति की मासिक बैठक कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्रीमती रोक्तिमा यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित हुई। बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम, अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर कार्रवाई, नशे के विरुद्ध जनजागरूकता तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग को नियमित रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोड़ी-बचरा, पटना सहित ग्रामीण एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री करने वाले कोचियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने होटल, ढाबों और बार में अवैध शराब की बिक्री तथा निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने की शिकायतों पर भी गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
’मेडिकल दुकानों की नियमित और ठोस जांच करें’
कलेक्टर ने ड्रग इंस्पेक्टर को निर्देशित किया कि मेडिकल दुकानों की जांच केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित एवं प्रभावी जांच की जाए। प्रतिबंधित दवाइयों, सिरप एवं इंजेक्शन के अवैध भंडारण अथवा बिक्री पर कड़ी निगरानी रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
’खाद्य पदार्थों की जांच नियमित रूप से करने के निर्देश’
कलेक्टर श्रीमती यादव ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन को निर्देश दिए कि होटल, रेस्टोरेंट, ठेले, डेयरी एवं किराना दुकानों सहित खाद्य सामग्री का विक्रय करने वाले संस्थानों की नियमित जांच की जाए। उन्होंने कहा कि जांच केवल त्योहारी सीजन तक सीमित न रहे। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मिलावट की जांच लगातार की जाए तथा नकली अथवा अमानक खाद्य पदार्थ पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
’नशामुक्ति केंद्र में भर्ती मरीजों की नियमित काउंसलिंग पर निर्देश’
कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित नशामुक्ति केंद्र में भर्ती 10 मरीजों की नियमित काउंसलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें बेहतर एवं स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही नशे की लत से बाहर आने के बाद उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा।
’मादक पदार्थों के परिवहन और बिक्री पर सख्त कार्रवाई’
कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा कि जिले में किसी भी स्थिति में मादक पदार्थों की बिक्री एवं परिवहन नहीं होना चाहिए। उन्होंने पुलिस, आबकारी सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लगातार जांच एवं निगरानी करने तथा मादक पदार्थों की बिक्री या परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित अद्यतन जानकारी एवं की गई कार्रवाई का विवरण तैयार रखने तथा आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेद्र श्रीवास, एडीएम श्री सुरेन्द्र वैद्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







