भारत ने अमेरिकी सेना के साथ जैवलिन टैंक रोधी निर्देशित मिसाइल प्रणाली की खरीद के लिए एक समझौता किया है। इसके साथ ही भारत ने कंधे से दागी जाने वाली इस प्रसिद्ध मिसाइल प्रणाली के ग्राहक के रूप में औपचारिक प्रवेश कर लिया है। दोनों देश भारत में इसके संयुक्त उत्पादन की दिशा में काम कर रहे हैं। भारत में अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावास ने कल एक बयान में कहा कि भारतीय सेना ने जैवलिन की खरीद के लिए प्रस्ताव और स्वीकृति पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।
दूतावास ने यह भी कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका भारतीय सेना द्वारा जैवलिन मिसाइल की खरीद के लिए प्रस्ताव और स्वीकृति पत्र पर हस्ताक्षर करने का स्वागत करता है। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि यह समझौता भारतीय सेना के लिए अमेरिकी समर्थन की गहराई को दर्शाता है और हमारे रक्षा उद्योगों के लिए मिलकर काम करने के नए अवसर पैदा करता है।







