केंद्रीय अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत-फ्रांस सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा की, जिसमें मानव अंतरिक्ष उड़ान, उन्नत अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और दोनों देशों की अंतरिक्ष एजेंसियों और उद्योगों के बीच अधिक सहभागिता शामिल है। मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फ्रांस के उच्च शिक्षा, अनुसंधान और अंतरिक्ष मंत्री प्रोफेसर फिलिप बैपटिस्ट के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों पक्षों ने पेरिस में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष शिखर सम्मेलन में भारत की भागीदारी और बेंगलुरु अंतरिक्ष एक्सपो में फ्रांस की भागीदारी पर चर्चा की।
बैठक के दौरान, श्री सिंह ने कहा कि भारत अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष शिखर सम्मेलन में भाग लेने और फ्रांस के साथ अपनी दीर्घकालिक अंतरिक्ष साझेदारी को और मजबूत करने के लिए उत्सुक है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अनुप्रयोगों, अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था और सुरक्षित अंतरिक्ष पर शिखर सम्मेलन का ध्यान अंतरिक्ष क्षेत्र के भविष्य पर अंतर्राष्ट्रीय संवाद और सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। भारत ने अंतरिक्ष के सतत उपयोग, अंतरिक्ष-आधारित वैज्ञानिक डेटा की सुलभता, पारदर्शिता और अखंडता, और आवृत्ति प्रबंधन के लिए अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ के नियामक ढांचे के समर्थन पर प्रस्तावित शिखर सम्मेलन के लक्ष्यों का स्वागत किया। फ्रांसीसी मंत्री ने अंतरिक्ष क्षेत्र में मौजूदा भारत-फ्रांस सहयोग को और मजबूत और तीव्र करने की फ्रांस की इच्छा व्यक्त की।
प्रोफेसर बैपटिस्ट इस महीने के अंत में भारत का दौरा करेंगे। पेरिस में दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष शिखर सम्मेलन इस महीने की 9 तारीख से शुरू होगा। बेंगलुरु अंतरिक्ष प्रदर्शनी इस महीने की 7 से 9 तारीख के बीच आयोजित की जाएगी।







