बिजली, आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल इस महीने की 14 से 16 तारीख तक अमेरिका के ह्यूस्टन में होने वाली जी20 ऊर्जा मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लेंगे।
अमेरिका की जी20 अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जी20 सदस्य देशों के ऊर्जा मंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा, वहनीयता, अवसंरचना विकास और सुदृढ़ ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए एकत्रित होंगे। विद्युत मंत्रालय ने आज सूचित किया कि श्री मनोहर तीन प्रमुख स्तंभों – “ऊर्जा सुरक्षा और वहनीय आधार भार”, “अनुमति और विनियामक दक्षता”, और “महत्वपूर्ण खनिज और सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखलाएं” के अंतर्गत मंत्रिस्तरीय सत्रों में भाग लेंगे।
इन चर्चाओं में ऊर्जा सुरक्षा और सामर्थ्य को मजबूत करने, कुशल नियामक ढांचों के माध्यम से ऊर्जा अवसंरचना के समय पर विकास को सुविधाजनक बनाने और सुरक्षित, लचीली और विविध महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखलाओं के निर्माण पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है।







