काठमांडू, 22 नवंबर । नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह भारत की राजकीय यात्रा के दौरान अपने समकक्ष नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को नेपाल की दो महत्वपूर्ण धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहर से जुड़ी प्रतिमाएं उपहार में देंगे। इससे पहले नेपाल के प्रधानमंत्री भारत यात्रा के दौरान भगवान पशुपतिनाथ मंदिर की प्रतिकृति भेंट करते रहे हैं।
प्रधानमंत्री शाह आज दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। सोमवार को उनकी भारतीय प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति के साथ अलग-अलग मुलाकात का कार्यक्रम है। शाह भारतीय प्रधानमंत्री मोदी को रातो मच्छिंद्रनाथ की प्रतिमा भेंट करेंगे। रातो मच्छिंद्रनाथ नेपाल की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान से जुड़े प्रमुख देवता हैं।
नेपाल की पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, लिच्छवि राजा नरेंद्रदेव रातो मच्छिंद्रनाथ को भारत के तत्कालीन कामरूप (वर्तमान असम) स्थित कामाख्या क्षेत्र से काठमांडू घाटी लेकर आए थे। धार्मिक मान्यता है कि उस समय घाटी में लंबे समय तक बारिश नहीं होने के कारण अकाल की स्थिति पैदा हो गई थी। मच्छिंद्रनाथ को नेपाल लाने के बाद बारिश शुरू हुई थी।
भारतीय राष्ट्रपति को प्रधानमंत्री शाह काठमांडू के चाबहिल स्थित चारुमती विहार से जुड़ी एक प्रतिमा उपहार में देंगे। चारुमती विहार का इतिहास भारत के मौर्य सम्राट अशोक और उनकी बेटी चारुमती से जुड़ा हुआ है। पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, सम्राट अशोक अपनी बेटी चारुमती के साथ काठमांडू घाटी आए थे। चारुमती ने स्थानीय क्षेत्रीय राजकुमार देवपाल से विवाह किया और देवपाटन क्षेत्र में रहने लगीं। माना जाता है कि उन्होंने इसी क्षेत्र में विहार का निर्माण कराया था। यह भी कहा जाता है कि उनकी मृत्यु इसी क्षेत्र में हुई।
नेपाल की इन दोनों ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़ी प्रतिमाओं के उपहार के जरिए प्रधानमंत्री शाह भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों को दर्शाने का प्रयास करेंगे।
Breaking News
- मोदी और मुर्मु को बालेन्द्र शाह देंगे नेपाल की दो ऐतिहासिक धरोहरों की प्रतिमाएं
- प्रधानमंत्री तारिक ने बांग्लादेश में 'अवामी लीग' की हिंसा के लिए भारत को जिम्मेदार नहीं ठहराया
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष की अपनी अपील के बाद लोगों द्वारा सोने की कम खरीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की
- नीदरलैंड के विदेश मंत्री विदेश मंत्री जयशंकर और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलेंगे
- केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा, "साइकिलिंग को फैशन और जुनून बनाएं"
- वीर दुर्गादास राठौड़ की अमर वीरगाथा
- अलसी खाने के फायदे
- अनुपमा रामचंद्रन ने लगातार दूसरी बार आईबीएसएफ विश्व महिला स्नूकर चैंपियनशिप का खिताब जीता
- किराना दुकान से आत्मनिर्भर बनीं पूनम देवी
- 12 दिसंबर को खत्म होगी गंगा जल संधि, ढाका में भारत-बांग्लादेश की अहम बैठक आज
मोदी और मुर्मु को बालेन्द्र शाह देंगे नेपाल की दो ऐतिहासिक धरोहरों की प्रतिमाएं







