Breaking News

'नो हैंडशेक' के पीछे बड़े मुद्दे हैं, जिन पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं : एमसीसी हेड ऑफ क्रिकेट


खेल 23 November 2026
post

'नो हैंडशेक' के पीछे बड़े मुद्दे हैं, जिन पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं : एमसीसी हेड ऑफ क्रिकेट

भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच हाथ नहीं मिलाने यानी 'नो हैंडशेक' की परंपरा को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। इस विवाद पर अब क्रिकेट के नियमों के संरक्षक माने जाने वाले मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। MCC के हेड ऑफ क्रिकेट फ्रेजर स्टीवर्ट ने साफ कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच हाथ नहीं मिलाने का मामला केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे कुछ बड़े राजनीतिक और भू-राजनीतिक मुद्दे भी जुड़े हुए हैं। इन मामलों पर MCC का कोई नियंत्रण नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं, जो क्रिकेट के दायरे से बाहर होती हैं और उन पर टिप्पणी करना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। MCC की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच हाल के मुकाबलों में खिलाड़ियों के हाथ नहीं मिलाने की घटनाएं लगातार सुर्खियां बन रही हैं

फ्रेजर स्टीवर्ट ने यह बयान संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित डीपी वर्ल्ड आईएलटी20 लीग के दौरान शारजाह में दिया। उनसे भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच जारी नो हैंडशेक नीति और खेल भावना पर इसके प्रभाव को लेकर सवाल किया गया था। इस पर उन्होंने कहा कि कुछ परिस्थितियां क्रिकेट से भी बड़ी होती हैं और उनका संबंध ऐसे स्तर से होता है, जहां भू-राजनीतिक मामलों पर टिप्पणी करना उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि MCC केवल मैदान पर खिलाड़ियों के व्यवहार से जुड़ी चीजों को नियंत्रित कर सकता है। संस्था चाहती है कि खिलाड़ी एक-दूसरे का सम्मान करें, अंपायरों के फैसलों और उनके अधिकारों का सम्मान करें तथा क्रिकेट की गरिमा बनाए रखें। स्टीवर्ट के इस बयान से स्पष्ट हो गया है कि MCC भारत और पाकिस्तान के बीच हाथ मिलाने या नहीं मिलाने के फैसले में हस्तक्षेप नहीं कर सकता।

स्टीवर्ट ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि यदि खिलाड़ियों को हाथ मिलाने या नहीं मिलाने के संबंध में उच्च स्तर से कोई निर्देश दिए जाते हैं, तो MCC उन्हें बदलने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा कि संस्था निश्चित रूप से खिलाड़ियों को आपस में हाथ मिलाते और खेल भावना का सम्मान करते देखना चाहेगी, लेकिन इसके पीछे जुड़े बड़े मुद्दे उसके नियंत्रण से बाहर हैं। उनका यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि MCC क्रिकेट के नियमों का संरक्षक है और दुनिया भर में खेल की परंपराओं तथा मर्यादाओं को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाता है। हालांकि, क्रिकेट के नियमों का संरक्षक होने का मतलब यह नहीं है कि वह राष्ट्रीय टीमों के राजनीतिक या प्रशासनिक फैसलों को नियंत्रित कर सकता है

You might also like!


RAIPUR WEATHER