देश ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान’ के नौ महीने से भी कम समय में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन की 1 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। इस उपलब्धि की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तारीफ की है।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 वर्ष की किशोरियों को माता-पिता की सहमति से मुफ्त, सुरक्षित और स्वैच्छिक सिंगल-डोज एचपीवी वैक्सीन दी जा रही है। अभियान का वार्षिक लक्ष्य लगभग 1.2 करोड़ बच्चियों का टीकाकरण था। अब तक करीब 87 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने 21 नवंबर को एक्स पर पोस्ट कर बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा लॉन्च किए जाने के नौ महीने से भी कम समय में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान को यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार को 100 प्रतिशत कवरेज हासिल करने पर बधाई दी। 12 राज्यों ने 80 प्रतिशत का आंकड़ा पार कर लिया है।
सामूहिक प्रयास का नतीजा
जेपी नड्डा ने लिखा, “यह शानदार तरक्की देश भर के राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों, हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स, फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर्स और माता-पिता के मिलकर किए गए प्रतिबद्धता को दिखाती है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्र और यू-विन के जरिए पात्र 14 वर्ष की बच्चियों के लिए मुफ्त, सुरक्षित और असरदार सिंगल-डोज एचपीवी वैक्सीनेशन उपलब्ध होने से, भारत सर्वाइकल कैंसर से मुक्त भविष्य की ओर बढ़ रहा है।”
यह अभियान निवारक स्वास्थ्य सेवा को मजबूत बनाने और किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







