लुसाने, 25 नवंबर खेल पंचाट न्यायालय ने मंगलवार को सेनेगल को अफ्रीका कप ऑफ नेशंस 2025 का विजेता घोषित कर दिया। न्यायालय ने अफ्रीकी फुटबॉल परिसंघ (सीएएफ) के अपील बोर्ड के उस फैसले को रद्द कर दिया, जिसमें मोरक्को को चैंपियन घोषित किया गया था। इसके साथ ही सीएएफ की अनुशासन समिति का मूल फैसला बहाल हो गया और फाइनल में सेनेगल की 1-0 की जीत को बरकरार रखा गया।
स्विट्जरलैंड स्थित खेल पंचाट न्यायालय ने अपने फैसले में कहा, “खेल पंचाट न्यायालय (सीएएस) ने सेनेगल फुटबॉल महासंघ (एफएसएफ) की ओर से अफ्रीकी फुटबॉल परिसंघ (सीएएफ) और रॉयल मोरक्कन फुटबॉल महासंघ (एफआरएमएफ) के खिलाफ दायर अपील स्वीकार कर ली है। यह अपील अफ्रीका कप ऑफ नेशंस मोरक्को 2025 के फाइनल से संबंधित थी। सीएएफ अपील बोर्ड का फैसला रद्द किया जाता है और सीएएफ अनुशासन समिति का फैसला बहाल किया जाता है।”
न्यायालय ने आगे कहा, “परिणामस्वरूप, अफ्रीका कप ऑफ नेशंस 2025 के फाइनल के अंत में प्राप्त नतीजे की पुष्टि की जाती है। सेनेगल ने यह मुकाबला 1-0 से जीता था।”
सेनेगल ने अफ्रीकी फुटबॉल परिसंघ के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें जनवरी में रबात में खेले गए फाइनल में मेजबान मोरक्को को चैंपियन घोषित किया गया था। सेनेगल ने अतिरिक्त समय में मोरक्को को 1-0 से हराया था, लेकिन बाद में सीएएफ के फैसले के कारण उससे खिताब छिन गया था।
फाइनल के नियमित समय के अंतिम क्षणों में सेनेगल के खिलाफ पेनाल्टी दिए जाने के बाद टीम के खिलाड़ियों ने विरोध जताते हुए मैदान छोड़ दिया था। कुछ खिलाड़ी विरोध में ड्रेसिंग रूम तक चले गए थे। करीब 14 मिनट तक खेल रुका रहा, जिसके बाद सेनेगल की टीम दोबारा मैदान पर लौटी और मुकाबला शुरू हुआ।
मोरक्को पेनाल्टी को गोल में बदलने में नाकाम रहा। इसके बाद मैच अतिरिक्त समय में पहुंचा, जहां सेनेगल ने निर्णायक गोल कर जीत हासिल की।
हालांकि, दो महीने बाद सीएएफ के अपील बोर्ड ने मैदान छोड़ने की घटना को आधार बनाते हुए सेनेगल को मैच गंवाने का दोषी ठहराया। बोर्ड ने फाइनल का नतीजा पलटते हुए मोरक्को को 3-0 से विजेता घोषित कर दिया था।
इसके बाद सेनेगल ने फुटबॉल की सर्वोच्च खेल न्यायिक संस्था खेल पंचाट न्यायालय में अपील दायर की। यह अपील 25 मार्च को दाखिल की गई थी, जबकि इस मामले की सुनवाई 8 अक्टूबर को हुई थी। मंगलवार को आए फैसले के बाद सेनेगल की फाइनल में दर्ज 1-0 की जीत और उसका खिताब बहाल हो गया।
Breaking News
- कोरिया : इस वर्ष के अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत 12 दिसंबर को
- 3271 नए उद्योग स्थापना से 54 हजार से अधिक लोगों को मिला प्रत्यक्ष रोजगार
- 3 साल में लगे 3,271 नए उद्योग, 8.85 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले
- रायपुर : जनदर्शन में मार्शल आर्ट की प्रतिभाशाली बेटियों ने मुख्यमंत्री श्री साय से की मुलाकात
- घर बैठे मोबाइल से मिला धान विक्रय का टोकन
- भारतीय भागीदारी (छत्तीसगढ़ संशोधन) विधेयक, 2026 के संबंध में बैठक आयोजित
- कोलकाता पहुंचे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, कैबिनेट मंत्री ने किया भव्य स्वागत
- अमित शाह ने ‘रामायण’ फिल्म की टीम से की मुलाकात, श्रीराम के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना
- आआपा के स्थापना दिवस पर केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं, समर्थकों को दी बधाई
- महाराष्ट्र : शरद पवार ने बुलाई अहम बैठक, एनसीपी के विलय और किसान आंदोलन पर होगी चर्चा
खेल पंचाट न्यायालय ने सेनेगल को घोषित किया अफ्रीका कप ऑफ नेशंस 2025 का विजेता







