Breaking News

मोदी ने आईओआरए के 23 सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडलों से की मुलाकात, महासागर विजन को आगे बढ़ाने पर दिया जोर


देश 27 November 2026
post

मोदी ने आईओआरए के 23 सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडलों से की मुलाकात, महासागर विजन को आगे बढ़ाने पर दिया जोर

नई दिल्ली, 27 नवंबर  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (आईओआरए) के 25वें मंत्रिपरिषद सम्मेलन में भाग लेने आए 23 सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों से मुलाकात की। उन्होंने हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए सभी साझेदार देशों के साथ मिलकर काम करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि हिंद महासागर हजारों वर्षों से विभिन्न देशों और क्षेत्रों के लोगों को आपस में जोड़ता रहा है। भारत आईओआरए के अध्यक्ष के रूप में सभी साझेदार देशों के साथ मिलकर इस क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा देने के लिए काम करेगा।

मोदी ने कहा कि भारत का उद्देश्य महासागर (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति) के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाना और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, स्थिरता तथा समृद्धि को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि हिंद महासागर केवल भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र नहीं है, बल्कि यह सदियों पुराने सांस्कृतिक, व्यापारिक और मानवीय संबंधों का भी प्रतीक रहा है। इस क्षेत्र के देशों के बीच ऐतिहासिक जुड़ाव को आगे बढ़ाते हुए आपसी सहयोग को मजबूत करना आवश्यक है।

प्रधानमंत्री ने आईओआरए के 23 सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के साथ अपनी मुलाकात को लेकर प्रसन्नता जताई।

उल्लेखनीय है कि भारत 25वें आईओआरए मंत्रिपरिषद सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है और संगठन के अध्यक्ष के रूप में हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रहा है। महासागर विजन के तहत भारत इस क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, आर्थिक विकास और क्षेत्रीय साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दे रहा है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER