Breaking News

महिला आरक्षण का विरोध छोड़ कांग्रेस परिसीमन विधेयक का समर्थन करे : किरेन रिजिजू


देश 28 November 2026
post

महिला आरक्षण का विरोध छोड़ कांग्रेस परिसीमन विधेयक का समर्थन करे : किरेन रिजिजू

नई दिल्ली, 28 नवंबर   केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस से राजनीति छोड़ विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी लोकतंत्र में विश्वास नहीं किया। सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सभी दलों से विधेयक पारित कराने में सहयोग मांग रही है।

रिजिजू ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी राज्यों के हितों और चिंताओं को ध्यान में रखते हुए लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव रखा है। इसके साथ सांसदों और विधायकों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने सवाल किया कि महिला सशक्तीकरण और जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने के इस प्रयास पर कांग्रेस को आपत्ति क्यों है।

उन्होंने कांग्रेस से अपनी पुरानी सोच छोड़कर संसद में विधेयक का समर्थन करने की अपील की। रिजिजू ने कहा कि यह विधेयक महिलाओं, एससी-एसटी समुदाय और सभी राज्यों के हितों को ध्यान में रखता है। इसका विरोध करने वालों को देश की महिलाएं और जनता माफ नहीं करेगी।

किरेन रिजिजू ने कहा कि परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार पूरी तरह आश्वस्त है। सभी राजनीतिक दलों ने अपनी चिंताएं और पक्ष स्पष्ट कर दिए हैं तथा उनकी ओर से उठाए गए मुद्दों का समाधान किया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संभव है राहुल गांधी ने उन पर दबाव बनाया हो, हालांकि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। रिजिजू ने कहा कि यह राजनीति करने का समय नहीं है। महिलाओं को सशक्त बनाने के प्रस्ताव पर कांग्रेस को आखिर क्या आपत्ति है, यह उनकी समझ से परे है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER