Breaking News

पाकिस्तान के बलोचिस्तान में माइनिंग प्रोजेक्ट पर हमला, कम से कम 10 लोग मारे गए


विदेश 23 April 2026
post

पाकिस्तान के बलोचिस्तान में माइनिंग प्रोजेक्ट पर हमला, कम से कम 10 लोग मारे गए

इस्लामाबाद, 23 अप्रैल । पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में एक तांबा और सोना माइनिंग प्रोजेक्ट में सशस्त्र समूह के हमले में कम से कम 10 लोग मारे गए। यह क्षेत्र आजादी समर्थक आंदोलन का गढ़ है। यहां बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के विद्रोही पाकिस्तान को सीधी चुनौती देते रहे हैं। अभी तक किसी ने भी इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।



द बलोचिस्तान पोस्ट और राजधानी के स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने बुधवार शाम करीब पौने छह बजे हुई इस वारदात की जानकारी आज दी। बताया गया है कि लगभग 40 सशस्त्र लोग मोटरसाइकिलों और अन्य वाहनों से चगाई जिले के दारिगवान इलाके में स्थित पाकिस्तान की कंपनी नेशनल रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड (एनआरएल) के माइनिंग प्रोजेक्ट स्थल पर घुस आए और गोलीबारी शुरू कर दी। मारे गए लोगों में सात खनिक और तीन सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। कुछ कर्मचारियों को बंधक बनाकर ले जाया गया है।

अधिकारियों के अनुसार एनआरएल ने देररात इस हमले की जानकारी दी। इसके बाद पहुंचे सुरक्षा बल के जवानों ने सारे इलाके को घेर लिया। फिलहाल किसी भी समूह ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। दलबांदिन के प्रिंस फहद अस्पताल में नौ शव पहुंचाए गए हैं। इनमें एक विदेशी व्यक्ति का भी शव है। यह कंपनी क्वेटा में पंजीकृत है। यह फातिमा फर्टिलाइजर, लिबर्टी मिल्स और लकी सीमेंट का संयुक्त उद्यम है।

कंपनी की वेबसाइट के अनुसार उसके पास बलोचिस्तान में लगभग 500 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में सोने और तांबे का खनन करने का लाइसेंस है।

कुछ सूत्रों का कहना है कि हमले में पाकिस्तान सेना के फ्रंटियर कोर (एफसी) के तीन कर्मी भी मारे गए हैं। हमलावरों ने कंपनी की ड्रिलिंग मशीन और अन्य भारी उपकरणों को आग लगाकर नष्ट कर दिया।

इस बीच बलोचिस्तान के नुश्की के पास स्थित मस्तुंग के गुरगीना इलाके में पाकिस्तान की सेना के एक शिविर पर ड्रोन हमला होने की खबर है। इस हमले में अनेक जवानों के हताहत होने की आशंका जताई गई है। अधिकारियों ने अभी तक इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है। इससे पहले बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी मस्तुंग और कलात में पाकिस्तान की सेना के शिविरों पर ड्रोन हमले कर चुकी है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER