Breaking News

ममता बनर्जी ने भवानीपुर में बूथों का निरीक्षण कर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप जड़े


देश 29 April 2026
post

ममता बनर्जी ने भवानीपुर में बूथों का निरीक्षण कर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप जड़े

कोलकाता, 29 अप्रैल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान आज भवानीपुर में राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ है। यहां से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मैदान में हैं। उन्होंने सुबह कई बूथों का दौरा कर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए।

ममता कालीघाट स्थित अपने आवास से निकलकर चेतला और पद्मपुकुर रोड इलाके में पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कई मतदान केंद्रों के बाहर रुककर स्थिति का जायजा लिया और पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत भी की। बाद में उन्होंने चक्रबेड़िया क्षेत्र के एक बूथ का भी निरीक्षण किया।

इस दौरान मीडिया से बातचीत में ममता ने मतदान प्रक्रिया के दौरान बाहरी पर्यवेक्षकों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ लोग बाहर से आकर मतदाताओं में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग पर भी पक्षपात का आरोप लगाया और कहा कि राज्य में प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले बिना परामर्श के किए जा रहे हैं।

ममता ने कहा, "कई पर्यवेक्षक राज्य के बाहर से आये हैं। वे बीजेपी के आदेश पर काम कर रहे हैं। कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। हमने कोर्ट की अवमानना का नोटिस भेजा है, फिर भी कई बाहरी पर्यवेक्षकों को यहां लाया गया है।''

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग तृणमूल कांग्रेस को खुलेआम परेशान कर रहा है। न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं हो रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी पर्यवेक्षक मतदाताओं के बीच भय और दहशत फैला रहे हैं।

विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के सुबह-सुबह बूथ निरीक्षण करने पर पर तंज कसते हुए कहा कि वे “दबाव में आकर” सुबह ही मैदान में उतर गई हैं। उन्होंने कहा कि बिना दबाव के नेता ऐसे कदम नहीं उठाते।

You might also like!


RAIPUR WEATHER