Breaking News

छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार वृद्धा पेंशन व निराश्रित पेंशन तक नहीं दे पा रही : कांग्रेस

post

छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार वृद्धा पेंशन व निराश्रित पेंशन तक नहीं दे पा रही : कांग्रेस

रायपुर, 29 अप्रैल (हि. स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, सरकार की वित्तीय स्थिति इतनी खस्ता हो चुकी है कि सरकार वृद्धा पेंशन और निराश्रित पेंशन की राशि जरूरतमंदो को पांच महीने से नहीं दे पा रही है। इनको मात्र 500 रु. महीने की सहायता मिलती है जिसमें से 200 केंद्र देता है 300 राज्य देता है, राज्य सरकार ने अपना 300 रु. पांच महीने से जमा नहीं किया है जिससे गरीबो को मिलने वाली यह मामूली सहायता भी नहीं मिल रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज बुधवार काे एक बयान जारी कर कहा कि, सरकार ने आदेश निकाला है कि अब मेडिकल स्टोर की जाँच खाद और औषधि विभाग के इंस्पेक्टर के साथ पुलिस और राजस्व अमला भी करेगा। मेडिकल स्टोर में जांच के लिए पुलिस लेकर एसडीएम, तहसीलदार भी जा रहे है। सरकार के पास ऐसा क्या इनपुट मिला है जो यह कार्यवाही की जा रही यह तो आपात स्थिति में होता है कि पुलिस जांच के लिए जाए। यह निर्णय गलत है, सरकार को अपने औषधि विभाग के लोगों पर भरोसा नहीं। पुलिस और राजस्व क्यों जाँच करेगा? कहीं गड़बड़ी है तो पुलिस स्वमेव जाँच कर सकती है लेकिन हर रोज पुलिस दुकान की जाँच करने पहुंचेगी तो इससे दुकानदार की परेशानी बढ़ेगी। राज्य में नकली दवा तो सरकारी अस्पतालो और मेडिकल सप्लाई कारपोरेश के पास पकड़ा रही जांच निजी मेडिकल का करेंगे। कांग्रेस, सरकार के निर्णय का विरोध करती है।

धान खुले में पड़ा, सूख रहा, बेमौसम बारिश से भीग रहा-

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, सरकार की लापरवाही के कारण 20 लाख मीट्रिक टन धान संग्रहण केन्द्रों में खुले मे पड़ा है। बे-मौसम बारिश से भीग रहा है। 3100 रु. प्रति क्विंटल में खरीदे गए धान का सरकार निराकरण नहीं कर पाई है। भाजपा दावा करती है डबल इंजन की सरकार का तो केंद्र से बोल कर पूरे खरीदे गए धान से बने चावल को सेन्ट्रल पुल में दे दे, इससे राज्य को करोड़ों का नुकसान भी नहीं होगा, धान का निराकरण भी नहीं होगा। डबल इंजन की सरकार में भी प्रदेश को 3100 में खरीदा धान 2000 में नीलाम करना पड़ रहा सरकार उसको भी नहीं बेच पा रही, धान खुले में पड़ा सड़ रहा है, बाद में इसी के आधार पर पूरा धान खराब हो गया बता कर भ्रष्टाचार करेंगे। चूहों पर तोहमत लगाएंगे।

सुशासन त्यौहार ढकोसला-

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, सरकार सुशासन त्यौहार मनाने जा रही है। प्रदेश में सरकारी काम ठप पड़े है, अकेले तहसीलो और अनुविभागों में नामांकन, बंटवारा, फौती, नक्शा, खसरा बंटवारा के 8 लाख से अधिक प्रकरण पेंडिंग है। यदि सरकार में सुशासन होता तो लोगों का काम नियमित हो रहा होता तो त्यौहार मनाने की जरूरत क्यों पड़ती? यह सुशासन त्यौहार अपनी विफलता से ध्यान भटकाने का तरीका है। पिछले बार भी सुशासन त्यौहार मनाये थे और जनता से जो लाखो आवेदन प्राप्त हुए उसको कचरे के ढेर में फेक दिए। इस बार के सुशासन त्यौहार के पहले पिछले साल के आवेदनों के बारे में जनता को बताये उनका अभी तक निराकरण क्यों नहीं हुआ?

प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं-

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, अम्बिकापुर के सीतापुर में दो नाबालिग बच्चियों के साथ गैंगरेप की घटना हुई है। घटना 24 अप्रैल के रात की है, 4 बच्चियां शादी से आ रही थी 9 बदमाश उनको रास्तें में रोक कर गैंगरेप किया। यह बच्चियां विशेष पिछड़ी जनजाति की है। प्रदेश में महिलाओं, मासूम बच्चियों के साथ दरिंदगी की घटनायें रुक नहीं रही है। जशपुर, रायगढ़, कवर्धा, बालोद सभी जगहों पर आदिवासी बच्चियों के साथ दुराचार की घटनायें हुई है। यह घटनायें विचलित करने वाली और शर्मनाक है। प्रदेश में महिलायें सुरक्षित नहीं है, सरकार महिलाओं, बच्चियों को सुरक्षित वातावरण दे पाने में असफल साबित हो रही है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER