Breaking News

ओडिशा : कलाहांडी में सेप्टिक टैंक में दम घुटने से छह की मौत, एक गंभीर


देश 26 May 2026
post

ओडिशा : कलाहांडी में सेप्टिक टैंक में दम घुटने से छह की मौत, एक गंभीर

भुवनेश्वर, 26 मई। ओडिशा के कलाहांडी जिले के मदनपुर रामपुर क्षेत्र अंतर्गत गौड़ कार्लाखुंटा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में सेप्टिक टैंक के अंदर दम घुटने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे में मृत छह लोगों में निमाई चरण पाल पिता गंगाधर पाल, आकाश पाल पिता निमाई चरण पाल, आदल माझी पिता विष्णु माझी,बैकुंठ जाल पिता मधु जाल, मनोरंजन हाथी पिता धनसागर हाथी, छांद जाल पिता बलदेव जाल शामिल हैंl

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर लगे सेंट्रिंग ढांचे को हटाने के लिए कुछ मजदूर टैंक में उतरे थे। इसी दौरान टैंक के भीतर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण वे बेहोश हो गए। उन्हें बचाने के प्रयास में एक के बाद एक अन्य लोग भी टैंक में उतरे, लेकिन वे भी दम घुटने से अचेत हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया और सभी लोगों को टैंक से बाहर निकाला। सभी को तत्काल मदनपुर रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक

की लहर फैल गई है। मदनपुर रामपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये सहायता, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

कलाहांडी जिले के मदनपुर रामपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन स्थल पर हुए दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा गया कि यह घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

You might also like!


RAIPUR WEATHER