Breaking News

प्रधानमंत्री मोदी आज फ्रांस के नीस में करेंगे 'भारत इनोवेट्स' का उद्घाटन


विदेश 14 June 2026
post

प्रधानमंत्री मोदी आज फ्रांस के नीस में करेंगे 'भारत इनोवेट्स' का उद्घाटन

नीस (फ्रांस), 14 जून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी फ्रांस के नीस में हैं। वो आज दोपहर यहां फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी आज ही 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। यह उनकी टेक पहल है। इस पहल का उद्देश्य उच्च शिक्षा संस्थानों और केंद्रीय वित्तपोषित तकनीकी संस्थानों से भारत के सबसे होनहार टेक्नोलॉजी वेंचर्स की पहचान करना, उन्हें मेंटरशिप देना और उन्हें सबके सामने लाना है। साथ ही, चुने गए स्टार्टअप्स को निवेशकों, इंडस्ट्री लीडर्स, नीति-निर्माताओं, रिसर्च संस्थानों और टेक्नोलॉजी पार्टनर्स के ग्लोबल नेटवर्क से जोड़ना है। प्रधानमंत्री मोदी की फ्रांस और स्लोवाकिया की आधिकारिक यात्रा की विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।



विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर नीस पहुंचें प्रधानमंत्री मोदी यात्रा आज के पहले चरण में नीस में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। दोनों नेता भारत-फ्रांस द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। इसे इस वर्ष की शुरूआत में 'विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक बढ़ाया गया था। विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों नेता नीस में संयुक्त रूप से 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे। इसमें भारत, फ्रांस तथा अन्य देशों के अग्रणी नवाचार स्टार्टअप और वेंचर कैपिटल फंड एक मंच पर आएंगे। भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के दौरान आयोजित यह प्रमुख कार्यक्रम दोनों देशों के बीच मौजूद सशक्त नवाचार साझेदारी को और अधिक मजबूत करता है।

प्रधानमंत्री मोदी यात्रा के अगले चरण की शुरुआत स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के निमंत्रण पर आज ही शुरू होगी। वो 14 से 16 जून तक स्लोवाक गणराज्य की राजकीय यात्रा करेंगे। यह वर्ष 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रधानमंत्री फिको वार्ता के दौरान सहयोग के नए क्षेत्रों की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति पेलेग्रिनी से भी भेंट करेंगे। यह यात्रा व्यापार, निवेश तथा ऑटोमोबाइल और रेलवे विनिर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्लोवाकिया के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराएगी।

यात्रा के तीसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी 16-17 जून को फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन के दौरान वे जी-7 देशों के नेताओं तथा आमंत्रित साझेदार देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श करेंगे। शिखर सम्मेलन के अलावा, प्रधानमंत्री मोदी कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी 18 जून को आगे की द्विपक्षीय वार्ताओं के लिए पेरिस जाएंगे तथा यूरोप के सबसे बड़े प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप आयोजन, वीवा टेक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के पेरिस में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करने की भी संभावना है।

इसके अलावा भारत और फ्रांस के बीच टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, हेल्थ टेक, मेडिकल टेक्नोलॉजी, एआई, सेमीकंडक्टर और स्पेस टेक्नोलॉजी से जुड़े 12 समझौते हो सकते हैं। भारत और फ्रांस के बीच 114 राफेल लड़ाकू विमानों के समझौते पर भी अहम चर्चा होगी। भारत चाहता है कि इन विमानों में अपने हथियार जोड़ने की सुविधा मिले। इसके लिए सोर्स कोड का मुद्दा भी उठाया जाएगा। भारत इनोवेट्स' ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के हवाले से कहा, "सवाल अब यह नहीं है कि क्या भारत इनोवेशन करेगा, बल्कि यह है कि भारत के साथ कौन इनोवेशन करेगा।" उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की अपनी पांच दिन की आधिकारिक यात्रा के पहले चरण में नीस पहुंचे हैं।

नीस कोटे दा अजूर हवाई अड्डे पर फ्रांस के शिक्षा मंत्री एडुआर्ड गेफ्रे, उच्च शिक्षा, अनुसंधान और अंतरिक्ष मंत्री फिलिप बैप्टिस्ट, भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी माथू, नीस के महापौर एरिक सिओटी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, ''नीस पहुंच गया हूं। फ्रांस की इस यात्रा में नीस के अलावा एवियन और पेरिस में भी कार्यक्रम होंगे। इसमें द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकें होंगी, जिनका मकसद विकास के अहम साझेदारों के साथ भारत की दोस्ती को और मजबूत करना है।'' अपनी यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री को आज मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करने के बाद 'भारत इनोवेट्स'' का उद्घाटन भी करना है। इसका आगाज दोनों नेता संयुक्त रूप से करेंगे। इस कार्यक्रम में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के शीर्ष नवाचार स्टार्टअप और वेंचर कैपिटल फंड एक साथ आएंगे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER