Breaking News

कोरिया : ’किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन के लिए कृषि, राजस्व और खाद्य विभाग मिलकर करें पहल-कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव’


शहर 17 June 2026
post

कोरिया : ’किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन के लिए कृषि, राजस्व और खाद्य विभाग मिलकर करें पहल-कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव’

कोरिया 17 जून 2026

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी शिकायतों एवं आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

’एग्रीस्टैक पंजीयन में धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी’
बैठक में एग्रीस्टैक पंजीयन की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टैक पंजीयन शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, लेकिन कई क्षेत्रों में कार्य संतोषजनक गति से नहीं हो रहा है। कलेक्टर ने कृषि, राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर शेष किसानों का अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मैदानी भ्रमण कर प्रगति की सतत निगरानी करने तथा निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।

’किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश’
कलेक्टर ने खाद एवं बीज की उपलब्धता, भंडारण और उठाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को किसानों को समय पर कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन को देखते हुए किसी भी स्थिति में किसानों को खाद और बीज की कमी नहीं होनी चाहिए।

’लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश’
पटना, बैकुंठपुर, सोनहत और पोड़ी-बचरा तहसीलों में लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) को व्यक्तिगत रुचि लेकर नागरिकों से जुड़े मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। समीक्षा के दौरान सीमांकन, नामांतरण और बंटवारा प्रकरणों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने शत-प्रतिशत निराकरण का लक्ष्य निर्धारित किया। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व मामलों के लंबित रहने से नागरिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई होती है।

’बारिश से पहले नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियां पूरी करने के निर्देश’
मानसून को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को जलभराव और जनसुविधाओं में बाधा की संभावित स्थितियों से निपटने के लिए अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों को नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा स्वच्छता संबंधी आवश्यक कार्य समय रहते पूरा करने को कहा।

’आंगनबाड़ी संचालन, ई-केवाईसी और मातृ वंदना योजना में तेजी लाने के निर्देश’
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और नियमित संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही ई-केवाईसी और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पंजीयन की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को अपार आईडी निर्माण में तेजी लाने तथा सामाजिक सहायता पेंशन हितग्राहियों के आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को अभियान चलाकर पूर्ण करने के निर्देश दिए। 16 जून से प्रारंभ हुए नए शैक्षणिक सत्र के मद्देनजर कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को शाला प्रवेश उत्सव के सफल आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था तथा पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने विशेष निर्देश दिए।

’सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्राथमिकता’
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में यदि किसी कारणवश विलंब हो रहा हो तो उसकी स्पष्ट जानकारी दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में सुशासन तिहार, जनदर्शन एवं पीजी पोर्टल के लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि सुशासन का वास्तविक उद्देश्य नागरिकों को त्वरित राहत और प्रभावी समाधान प्रदान करना है।

कलेक्टर ने उच्च न्यायालय से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित अवधि में आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

’प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से अधिकाधिक हितग्राहियों को जोड़ें’
प्रधानमंत्री स्वनिधि शिविर की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों के पात्र स्ट्रीट वेंडर्स और फुटकर व्यवसायियों तक योजना की जानकारी पहुंचाने तथा उन्हें ऋण एवं अन्य सुविधाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर श्विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के कार्यक्रमश् अंतर्गत 18 से 20 जून 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने तथा दोनों अनुविभागों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनहित और सुशासन सर्वाेच्च प्राथमिकता/कलेक्टर
बैठक के अंत में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनहित के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर श्री सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, श्री डी.डी. मण्डावी सहित पुलिस, वन तथा अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER