Breaking News

अंतरराष्ट्रीय सेमिनार ‘सौश्रुतम् 2026’ का उद्घाटन करेंगी राष्ट्रपति


देश 14 July 2026
post

अंतरराष्ट्रीय सेमिनार ‘सौश्रुतम् 2026’ का उद्घाटन करेंगी राष्ट्रपति

नई दिल्ली, 14 जुलाई । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बुधवार को नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए ) में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार ‘सौश्रुतम् 2026’ का उद्घाटन करेंगी। आयुष मंत्रालय के तहत आयोजित यह सेमिनार 15 से 17 जुलाई तक चलेगा, जबकि 14 जुलाई को पूर्व-कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

आयुष मंत्रालय के अनुसार, कार्यक्रम का आयोजन शल्य चिकित्सा के जनक माने जाने वाले आचार्य सुश्रुत की जयंती के अवसर पर किया जा रहा है। सेमिनार में आयुर्वेद और आधुनिक शल्य चिकित्सा विज्ञान के एकीकरण पर देश-विदेश के विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे। कार्यक्रम के दौरान एनसीआईएसएम द्वारा तैयार “आयुर्वेद महिला स्नातकों के पेशेवर करियर का मूल्यांकन” विषयक राष्ट्रीय अध्ययन जारी किया जाएगा। साथ ही 14.5 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित अत्याधुनिक 3-टेस्ला हाई-फील्ड एमआरआई प्रणाली का भी उद्घाटन होगा, जिसमें एआई-सक्षम वर्कफ़्लो, बायोमेट्रिक्स और उन्नत इमेजिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

तीन दिवसीय सेमिनार में मुख्य व्याख्यान, पैनल चर्चा, कार्यशालाएं और वैज्ञानिक शोध-पत्र प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। मलाशय रोग विज्ञान, पुनर्निर्माण शल्य चिकित्सा, एकीकृत ऑन्कोलॉजी, चिकित्सा-कानूनी मुद्दों तथा सर्जरी में बौद्धिक संपदा जैसे विषयों पर विशेष सत्र होंगे। इसके अलावा घाव प्रबंधन, अग्निकर्म, क्षारसूत्र और मर्म चिकित्सा जैसे आचार्य सुश्रुत के शल्य सिद्धांतों पर भी चर्चा की जाएगी।

इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में थाईलैंड, इजराइल, ऑस्ट्रिया, यूनाइटेड किंगडम, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल, ग्रीस और भारत के प्रतिष्ठित सर्जन, शिक्षाविद और शोधकर्ता भाग लेंगे। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी तथा आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा भी उपस्थित रहेंगे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER