Breaking News

कलेक्टर की अपील- मवेशियों को सड़कों और चौक-चौराहों पर खुला न छोड़ें


शहर 21 July 2026
post

कलेक्टर की अपील- मवेशियों को सड़कों और चौक-चौराहों पर खुला न छोड़ें

कोरिया । कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिले के सभी ग्रामीणों एवं पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को सड़कों, चौक-चौराहों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खुला न छोड़ें। उन्होंने कहा कि आवारा विचरण करने वाले मवेशियों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ पशुधन की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।

कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक पशुपालक अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखे तथा उनकी देखरेख की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करे। यह केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने नागरिकों से भी इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहयोग करने और सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का साथ देने की अपील की। उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को आयोजित जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप जिले में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित प्रमुख सड़कों पर विचरण करने वाले घुमंतू मवेशियों के सुरक्षित विस्थापन के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों, पशुधन विकास विभाग, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्ग प्राधिकरण तथा राजस्व विभाग को समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

निर्देशों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों के माध्यम से घुमंतू पशुओं को चिन्हित गौधामों तक पहुंचाया जाएगा। गौधामों में फेंसिंग, शेड की मरम्मत, पेयजल एवं विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी तथा पैरादान के माध्यम से चारे की व्यवस्था के लिए जनसहभागिता बढ़ाई जाएगी।

शहरी क्षेत्रों में नगर निकाय प्रतिदिन काऊ कैचर के माध्यम से बेसहारा मवेशियों को एकत्र कर चिन्हित गौधामों में पहुंचाएंगे। वहीं पशुधन विकास विभाग द्वारा पशुओं के उपचार, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण, टैगिंग तथा रेडियम बेल्ट एवं रेडियम हॉर्न टेप लगाने का कार्य किया जाएगा, जिससे विशेषकर रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि ष्सभी के सहयोग से ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के साथ पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने जिलेवासियों से पुनः आग्रह किया कि अपने मवेशियों को सड़कों पर खुला न छोड़ें और इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER