बुधवार को आई भीषण बाढ़ के बाद नेपाल में त्रिशुली- 3 ए समेत कई पन-विद्युत परियोजनाओं की सुरंगों में फंसे सैकड़ों लोगों को निकालने के प्रयास तेज कर दिए हैं। भारत और चीन के विशेषज्ञों समेत बचाव दल सुरंग के अंदर फंसे लोगों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया है।
लापता बताए जा रहे 2,500 लोगों में से सैकड़ों नेपाल की पन-विद्युत परियोजनाओं के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। आधिकारिक तौर पर नेपाल में 794 लोगों की मौत हो गई है। तिब्बत में मरने वालों की संख्या 16 है, जबकि 546 लोग लापता बताए जा रहे हैं। बचाव दल जीवित बचे लोगों की तलाश में जुटे हैं।
नेपाल के सभी आठ प्रभावित जिलों से शव बरामद किए जा चुके हैं और बचाव दल लापता लोगों की खोज और फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं।







