अमेरिकी टेक्नोलॉजी दिग्गज एप्पल में मंगलवार को नेतृत्व का नया दौर शुरू हुआ, जब जॉन टेरनस ने टिम कुक की जगह कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का पद संभाल लिया। टिम कुक ने दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक्नोलॉजी कंपनियों में से एक एप्पल का करीब 15 वर्षों तक नेतृत्व किया।
टेरनस ने 1 सितंबर से एप्पल के CEO के रूप में कार्यभार संभाला। इसके साथ ही अगस्त 2011 में स्टीव जॉब्स के बाद शुरू हुआ टिम कुक का CEO कार्यकाल समाप्त हो गया।
टिम कुक अब कंपनी के नव-सृजित एग्जी्यूटिव चेयरमैन पद पर रहेंगे। इस भूमिका में वह वैश्विक नीति-निर्माताओं के साथ संपर्क और कंपनी से जुड़े चुनिंदा मामलों पर काम करेंगे। टेरनस को एप्पल के निदेशक मंडल में भी शामिल किया गया है।
जॉन टेरनस वर्ष 2001 में एप्पल की प्रोडक्ट डिज़ाइन टीम में शामिल हुए थे और 2021 में हार्डवेयर इंजीनियरिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बने। उन्होंने एप्पल के विभिन्न उत्पादों की हार्डवेयर इंजीनियरिंग की निगरानी की और iPad, AirPods तथा iPhone और Mac की कई पीढ़ियों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हाल ही में उनकी टीम ने अल्ट्राथिन iPhone Air और नए MacBook Neo को लॉन्च किया है।
नेतृत्व परिवर्तन की घोषणा करते समय Cook ने कहा था कि एप्पल के CEO के रूप में काम करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य रहा है। उन्होंने जॉन टेरनस को इंजीनियर की सोच, नवाचार की भावना और ईमानदारी के साथ नेतृत्व करने की क्षमता वाला व्यक्ति बताया था।
कुक के नेतृत्व में एप्पल का बाजार पूंजीकरण करीब 350 अरब डॉलर से बढ़कर लगभग 4 ट्रिलियन डॉलर हो गया। इसी अवधि में कंपनी का वार्षिक राजस्व भी 2011 के लगभग 108 अरब डॉलर से बढ़कर 400 अरब डॉलर से अधिक हो गया।
कुक के कार्यकाल में एप्पल का Services Business भी कंपनी के विकास का एक प्रमुख इंजन बनकर उभरा। App Store, Apple Music और Apple Pay जैसी सेवाओं के जरिए इस कारोबार ने सालाना 100 अरब डॉलर से अधिक का राजस्व अर्जित करना शुरू किया।
AI रणनीति जॉन टेरनस के सामने बड़ी चुनौती
जॉन टेरनस ऐसे समय में एप्पल की कमान संभाल रहे हैं, जब AI कंपनी के लिए सबसे बड़ी रणनीतिक चुनौतियों में से एक बन चुका है।
अब जॉन टेरनस के सामने एप्पल की AI रणनीति को तेज करने के साथ-साथ कंपनी के मजबूत ecosystem-based business model और दुनिया भर में मौजूद विशाल customer base को बनाए रखने की चुनौती होगी।







