नई दिल्ली:
हनुमान अंश की चर्चा इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर खूब हो रही है. फिल्म ने 2 करोड़ के बजट में 82 करोड़ इंडिया नेट कलेक्शन कर लिया है. जबकि 10 लाख की ओपनिंग से फिल्म की कमाई 10 करोड़ पर 29 दिनों में पहुंच गई है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि 51 साल पहले बॉक्स ऑफिस पर ऐसा ही चमत्कार देखने को मिला था. जहां सिनेमाघरों में उस फिल्म को देखने के लिए लोग चप्पल उतारकर पहुंचे तो वहीं बॉक्स ऑफिस पर 25 से 30 लाख में बनीं फिल्म ने 5 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन बॉक्स ऑफिस पर किया. खास बात यह है कि इस फिल्म के पॉपुलर गाने को लता मंगेशकर की बहन ऊषा मंगेषकर ने आवाज दी थी.
हनुमान अंश से पहले संतोषी मां की भक्ति में डूबे थे दर्शक
हम बात कर रहे हैं 15 अगस्त 1975 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म जय संतोषी मां की, जिसका बजट 25 से 30 लाख का बताया जाता है. जबकि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 5 से साढ़े 5 करोड़ की कमाई हासिल की थी और साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई थी. वहीं पहले नंबर पर शोले थी. लेकिन प्रॉफिट में यह नंबर वन थी.
नंगे पैर पहुंचते थे दर्शक
सिनेमाघरों में 15 अगस्त 1975 को उतरी ‘जय संतोषी मां' के बारे में कई किस्से हैं. रिलीज के बाद से सिनेमाघर रौशन थे. परिवार के साथ लोग माता की गाथा को देखने के लिए पहुंचते थे. जानकारी के अनुसार, माता की लीला और चमत्कार से भरी फिल्म को देखने के लिए दर्शक थिएटर में प्रवेश करने से पहले चप्पल उतार देते थे और फिल्म शुरू होने से पहले हाथ में फूल, सिक्के लेकर बैठते थे और स्क्रीन पर माता के आने के तुरंत बाद सिक्के, माला-फूल उछालने लगते थे।







