विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि सरकार ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में विकास को तेज करने के लिए संपूर्ण सरकार और संपूर्ण समाज के दृष्टिकोण को अपनाया है। डॉ. सिंह ने आज नई दिल्ली में इमर्जिंग साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव 2026 के पूर्वावलोकन कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
डॉ. सिंह ने कहा कि सम्मेलन में स्टार्टअप, वैज्ञानिक, उद्योग, उद्यमी और नीति-निर्माताओं सहित विभिन्न हितधारक एक मंच पर आएंगे। उन्होंने कहा कि आज विज्ञान केवल वैज्ञानिकों तक सीमित नहीं रह सकता। वैज्ञानिक अनुसंधान को सफल, टिकाऊ और व्यावसायिक रूप से उपयोगी बनाने के लिए संचार, प्रबंधन और बाजार से जुड़ी विशेषज्ञता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। तीन दिन का यह सम्मेलन 27 से 29 अक्टूबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम् में आयोजित किया जाएगा।







