पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। निजी क्षेत्र की तेल कंपनी नायरा एनर्जी की ओर से पेट्रोल और डीजल महंगा किए जाने के बाद अब लोगों की नजर सरकारी तेल कंपनियों के रेट पर टिकी हुई है।
हालांकि 5 अक्टूबर 2026 को इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई नई बढ़ोतरी नहीं की है। नायरा एनर्जी ने 3 अक्टूबर से अपने देशभर के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। कंपनी के देशभर में 7,100 से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती कीमतों के बीच नायरा ने यह फैसला लिया। ईंधन की अंतरराष्ट्रीय लागत बढ़ने से रिटेल कंपनियों के मार्जिन पर दबाव बढ़ा है। नायरा के इस फैसले के बाद आशंका थी कि सरकारी तेल कंपनियां भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती हैं। फिलहाल ऐसा नहीं हुआ है। 5 अक्टूबर को सरकारी कंपनियों ने कीमतें स्थिर रखी हैं। दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये प्रति लीटर और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर के आसपास है।
जानें आज के ताजा भाव कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर है। चेन्नई में पेट्रोल करीब 107.76 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर है। अन्य शहरों की बात करें तो चंडीगढ़ में पेट्रोल 98.10 रुपये और डीजल 86.09 रुपये प्रति लीटर है। मेरठ में पेट्रोल 101.44 रुपये और डीजल 94.91 रुपये प्रति लीटर के आसपास है।
भोपाल में नायरा और सरकारी कंपनी के पंप पर कीमतों का अंतर साफ दिखाई दे रहा है। नायरा के पंप पर पेट्रोल करीब 119.54 रुपये और डीजल 102.64 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं इंडियन ऑयल के पंप पर पेट्रोल करीब 114.65 रुपये और डीजल 99.74 रुपये प्रति लीटर है।
पेट्रोल-डीजल के दाम अलग-अलग राज्यों और शहरों में स्थानीय टैक्स और अन्य शुल्क के कारण अलग हो सकते हैं। इसलिए वाहन चालकों को अपने शहर के ताजा रेट देखकर ही कीमत का आकलन करना चाहिए। सरकारी तेल कंपनियों ने मई में ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी की थी। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में दबाव बना हुआ है,
लेकिन 5 अक्टूबर को उपभोक्ताओं पर कोई नई बढ़ोतरी नहीं डाली गई। सरकारी तेल कंपनियों का भारत के ईंधन खुदरा बाजार में बड़ा हिस्सा है। देश के पेट्रोल पंप नेटवर्क में इन कंपनियों की हिस्सेदारी 90 प्रतिशत से अधिक बताई जाती है। ऐसे में इनके दामों में बदलाव का सीधा असर बड़ी संख्या में वाहन चालकों पर पड़ता है।
फिलहाल नायरा एनर्जी की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद सरकारी तेल कंपनियों ने अपने पेट्रोल और डीजल के रेट स्थिर रखे हैं। इसलिए सरकारी पेट्रोल पंपों पर 5 अक्टूबर को ग्राहकों को कोई नया झटका नहीं लगा है।







