Breaking News

नेपाल में बाढ़ प्रभावितों के लिए ऑस्ट्रेलिया देगा अतिरिक्त 15 मिलियन डॉलर की सहायता


विदेश 08 October 2026
post

नेपाल में बाढ़ प्रभावितों के लिए ऑस्ट्रेलिया देगा अतिरिक्त 15 मिलियन डॉलर की सहायता

काठमांडू, 08 अक्टूबर । नेपाल के विदेशमंत्री शिशिर खनाल और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री सीनेटर पेनी वोंग के बीच नेपाल-ऑस्ट्रेलिया द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। गुरुवार को मेलबर्न में हुई बैठक में दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाने तथा आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया।

विदेशमंत्री खनाल के सचिवालय के अनुसार, दोनों मंत्रियों ने नेपाल और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंबे समय से कायम घनिष्ठ, मैत्रीपूर्ण और सौहार्दपूर्ण संबंधों पर संतोष व्यक्त किया। लोकतांत्रिक मूल्यों, पारस्परिक सम्मान और मजबूत जनस्तरीय संबंधों पर आधारित सहयोग को आगे और विस्तार देने पर भी जोर दिया गया। बैठक के दौरान ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग ने नेपाल में हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित परिवारों और समुदायों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आपदा के बाद राहत, शुरुआती पुनर्वास और पुनर्निर्माण के प्रयासों में ऑस्ट्रेलिया नेपाल के साथ खड़ा है।

वोंग ने बाढ़ और आपदा प्रभावित नेपाल के लिए अतिरिक्त 15 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 161 करोड़ नेपाली रुपये) की सहायता देने की घोषणा की। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए 11 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की सहायता देने की प्रतिबद्धता जताई थी। नई सहायता राशि राहत और शुरुआती पुनर्वास कार्यों पर खर्च की जाएगी।

विदेश मंत्री खनाल ने संकट के समय ऑस्ट्रेलियाई सरकार और वहां के लोगों की ओर से मिली त्वरित और उदार मानवीय सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय मिली यह एकजुटता नेपाल और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों को दर्शाती है। बैठक में नेपाल और प्रशांत क्षेत्र के देशों पर जलवायु परिवर्तन से पैदा हो रहे साझा जोखिमों पर भी चर्चा हुई।

खनाल ने ऑस्ट्रेलिया की अंतरराष्ट्रीय नेतृत्वकारी भूमिका का उपयोग करते हुए, विशेष रूप से आगामी सीओपी-31 के संदर्भ में, हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र पर जलवायु परिवर्तन के असमान और गंभीर प्रभावों को वैश्विक स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से उठाने का आग्रह किया। उन्होंने जलवायु अनुकूलन, पूर्व चेतावनी प्रणाली, आपदा जोखिम न्यूनीकरण, आपदा तैयारी और जलवायु-लचीले बुनियादी ढांचे के निर्माण में नेपाल-ऑस्ट्रेलिया सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

दोनों मंत्रियों ने शैक्षिक सहयोग के विस्तार पर भी चर्चा की। नेपाल में ऑस्ट्रेलिया से मान्यता प्राप्त तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने तथा ऑस्ट्रेलियाई विश्वविद्यालयों के संभावित सैटेलाइट कैंपस नेपाल में स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।

खनाल ने ऑस्ट्रेलिया के बहुसांस्कृतिक समाज और अर्थव्यवस्था में नेपाली विद्यार्थियों तथा नेपाली डायस्पोरा के योगदान का उल्लेख करते हुए हाल में हुए छात्र वीजा संबंधी नीतिगत बदलावों के बीच वास्तविक और योग्य नेपाली विद्यार्थियों के लिए अनुकूल एवं न्यायसंगत व्यवस्था करने का आग्रह किया। बैठक में नेपाल-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने को भी प्राथमिकता दी गई। व्यापार, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, तकनीक हस्तांतरण, नवीकरणीय ऊर्जा, टिकाऊ कृषि, पर्यटन और श्रम गतिशीलता जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

इसके अलावा, दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने के विषय पर भी बातचीत हुई। दोनों पक्षों का मानना है कि सीधी हवाई कनेक्टिविटी से पर्यटन, व्यापार, निवेश और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा मिलेगा। ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया नेपाल के साथ अपनी साझेदारी को आगे और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में लगातार सहयोग करता रहेगा।

दोनों पक्षों ने उच्चस्तरीय नियमित आदान-प्रदान को जारी रखने और बैठक में बनी समझ को ठोस उपलब्धियों में बदलने के लिए निकट सहयोग करने पर सहमति जताई। साथ ही, दोनों देशों के लोगों के पारस्परिक हित में नेपाल-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को और मजबूत तथा बहुआयामी बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

You might also like!


RAIPUR WEATHER