भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को लेकर चर्चा में आ गए हैं। इस बार वजह मैदान पर उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि आईपीएल की चार फ्रेंचाइजियों की उनमें बढ़ती दिलचस्पी है। सामने आई एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चार आईपीएल टीमें गंभीर को आगामी 2028 सीजन के लिए अपने साथ जोड़ना चाहती हैं। इन फ्रेंचाइजियों ने कथित तौर पर उनसे संपर्क भी किया है। टीमें उन्हें मेंटर या कोच जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने की संभावनाएं तलाश रही हैं। हालांकि, फिलहाल इस मामले में किसी आधिकारिक नियुक्ति या समझौते की पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और राजस्थान रॉयल्स (RR) उन दो फ्रेंचाइजियों में शामिल हैं, जिन्होंने गंभीर में दिलचस्पी दिखाई है। इसके अलावा दो अन्य टीमों ने भी उनसे संपर्क किया है, लेकिन उनके नामों का खुलासा नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि इनमें से एक टीम आईपीएल इतिहास की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों में शामिल है, जबकि दूसरी टीम अब तक अपना पहला आईपीएल खिताब जीतने में सफल नहीं रही है। कुछ फ्रेंचाइजियां अपने कोचिंग और टीम प्रबंधन में बदलाव की तैयारी कर रही हैं। ऐसे में गंभीर को अपने साथ जोड़ना उनकी रणनीति का हिस्सा हो सकता है
गौतम गंभीर की आईपीएल में वापसी की चर्चाएं इसलिए भी खास हैं, क्योंकि उनका इस लीग से काफी पुराना और सफल रिश्ता रहा है। बतौर खिलाड़ी उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स से अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद साल 2011 में वह कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़े और टीम की कप्तानी संभाली। गंभीर की अगुवाई में केकेआर ने 2012 और 2014 में दो बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। उनके नेतृत्व में कोलकाता की टीम एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी फ्रेंचाइजी के रूप में उभरी। कप्तान के तौर पर गंभीर की सबसे बड़ी खासियत खिलाड़ियों पर भरोसा जताना और मुश्किल परिस्थितियों में टीम को एकजुट रखना रही।
खिलाड़ी के रूप में संन्यास लेने के बाद भी गंभीर का आईपीएल से जुड़ाव जारी रहा। साल 2022 में वह लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर बने। उनके मार्गदर्शन में लखनऊ की टीम ने अपने शुरुआती दोनों सीजन यानी 2022 और 2023 में प्लेऑफ तक का सफर तय किया। इसके बाद 2024 में उन्होंने फिर से कोलकाता नाइट राइडर्स का रुख किया और टीम के मेंटर की जिम्मेदारी संभाली। उस सीजन में केकेआर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीती। इस सफलता ने गंभीर की पहचान एक प्रभावशाली रणनीतिकार और मेंटर के रूप में और मजबूत कर दी







