भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर चालू वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही (Q3) में सालाना आधार पर 7.7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वहीं, सकल मूल्य वर्धित (GVA) वृद्धि दर 8.1 प्रतिशत रह सकती है। बैंक ऑफ अमेरिका (BofA) ग्लोबल रिसर्च की गुरुवार को जारी रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है।
रिपोर्ट में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान 7.4 प्रतिशत पर बरकरार रखा गया है। हालांकि, इसमें मामूली बढ़त की संभावना भी जताई गई है। वहीं, वित्त वर्ष 2027-28 में अर्थव्यवस्था के 7.5 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी व्यवधानों से वैश्विक आपूर्ति पर पड़ रहे असर, मानसून की असमान स्थिति और कृषि क्षेत्र की कमजोर गतिविधियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार मजबूत बनी हुई है।
औद्योगिक और मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों में तेजी के साथ घरेलू मांग और कर्ज की निरंतर वृद्धि से अर्थव्यवस्था को समर्थन मिलने की उम्मीद है।
मैन्युफैक्चरिंग में 12 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान
BofA की रिपोर्ट के अनुसार, मजबूत औद्योगिक गतिविधियों के कारण मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में करीब 12 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है। औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) की वृद्धि दर तीसरी तिमाही में बढ़कर 7.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि दूसरी तिमाही में यह 6.2 प्रतिशत थी।
इसके अलावा, वाहनों की बिक्री, बिजली की मांग और माल ढुलाई की गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं। बैंक ऋण वृद्धि भी करीब 20 प्रतिशत के स्तर पर जारी है, जिससे आर्थिक गतिविधियों को सहारा मिल रहा है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में जीडीपी वृद्धि औसतन 7.7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। यह वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी छमाही में दर्ज 8.1 प्रतिशत की वृद्धि से कुछ कम है।
चार साल में सबसे ऊंची नाममात्र GDP ग्रोथ का अनुमान
रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में नाममात्र जीडीपी वृद्धि दर सालाना आधार पर करीब 13.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है। यह लगभग चार वर्षों में नाममात्र जीडीपी वृद्धि का सबसे ऊंचा स्तर हो सकता है।
BofA ने कहा कि अगले वित्त वर्ष में भी आर्थिक वृद्धि की रफ्तार कायम रहने की उम्मीद है। इसी आधार पर वित्त वर्ष 2027-28 के लिए 7.5 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि का अनुमान बरकरार रखा गया है।
तेल की कीमतें और भू-राजनीतिक तनाव बनी चुनौती
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि की रफ्तार मजबूत दिखाई दे रही है, लेकिन आर्थिक गतिविधियों के लिए जोखिम मुख्य रूप से वैश्विक परिस्थितियों से जुड़े हैं।
हाल के दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई है, लेकिन भू-राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। यदि 2027 तक तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं, तो आर्थिक वृद्धि के लिए जोखिम बढ़ सकते हैं।
इसके अलावा, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, भू-राजनीतिक अनिश्चितता, अल नीनो के संभावित प्रभाव से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में कमजोरी और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से ब्याज दरों में आगे और बढ़ोतरी जैसे कारक विकास दर के लिए चुनौती बन सकते हैं।







