असम में कुछ दिन पहले ब्रेक लगाने के बावजूद भी ट्रेन नहीं रुकी और पटरी से उतर गई। इस घटना से सबक लेते हुए रेलवे ने ट्रेनों की ब्रेकिंग व्यवस्था को लेकर निगरानी और कड़ी कर दी है। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को ट्रेनों के ब्रेकिंग सिस्टम की विशेष जांच के लिए सेफ्टी ड्राइव चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत ट्रेन के रवाना होने के तुरंत बाद ब्रेक फील टेस्ट और आगे निर्धारित ब्लॉक सेक्शन में ब्रेक पावर टेस्ट करना अनिवार्य होगा।
रेलवे का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ट्रेन चलने के बाद शुरुआती चरण में ही ब्रेक की कार्यक्षमता में किसी तरह की गड़बड़ी का पता चल जाए। जांच के दौरान अगर कोई तकनीकी कमी या निर्धारित प्रक्रिया में लापरवाही सामने आती है तो उसकी रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेजनी होगी।
निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, जिस स्टेशन से लोको पायलट और सहायक लोको पायलट ट्रेन का चार्ज लेते हैं, वहां से ट्रेन रवाना होने के तुरंत बाद ब्रेक फील टेस्ट किया जाएगा। इस टेस्ट के दौरान ट्रेन की रफ्तार करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा होने पर लोको पायलट ए-9 के जरिए ब्रेक पाइप यानी BP प्रेशर में 0.5 किलोग्राम प्रति वर्ग सेंटीमीटर की कमी करेगा। इसके बाद ब्रेक रिलीज किए जाएंगे। टेस्ट सफल होने पर ब्रेक लगने का स्पष्ट प्रभाव महसूस होना चाहिए और ट्रेन की गति करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटा तक कम होनी चाहिए। इससे लोको पायलट को शुरुआती स्तर पर ही ब्रेक की प्रतिक्रिया का अंदाजा हो जाएगा।








