महेंद्र सिंह धोनी का नाम आते ही रांची, हेलीकॉप्टर शॉट और टीम इंडिया को विश्व चैंपियन बनाने वाले कप्तान की याद आती है. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि भारतीय क्रिकेट के इस दिग्गज खिलाड़ी का पटना से भी खास नाता रहा है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहचान बनाने से पहले धोनी ने पटना के गर्दनीबाग स्थित संजय गांधी स्टेडियम परिसर में एक स्थानीय टूर्नामेंट खेला था. यहां उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से खूब सुर्खियां बटोरी थीं. इस मुकाबले में धोनी ने शतकीय पारी खेली थी. उस समय न तो वह आज की तरह बड़े स्टार थे और न ही मैदान पर कोई खास तामझाम था. मैटिंग विकेट और बल्बों की रोशनी में खेली गई उनकी यह पारी आज भी पटना के पुराने क्रिकेट प्रेमियों को याद है.
धोनी के पटना दौरे से जुड़ा यह किस्सा करीब 26 साल पुराना है. उस समय पूर्व रणजी खिलाड़ी निखिलेश रंजन ने उन्हें स्थानीय डे-नाइट टूर्नामेंट में खेलने के लिए आमंत्रित किया था. धोनी ने उनका निमंत्रण स्वीकार किया और पेसू टीम की ओर से मैदान पर उतरे. निखिलेश रंजन के मुताबिक, धोनी उस समय रांची से पटना आते थे. टूर्नामेंट में उनकी बल्लेबाजी देखने के बाद मैदान पर मौजूद दर्शक काफी प्रभावित हुए थे.
धोनी ने पेसू की ओर से खेलते हुए शानदार शतक जड़ा था. उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता के साथ लंबे शॉट खेलने की क्षमता भी नजर आई. निखिलेश रंजन ने उस दौर को याद करते हुए बताया था कि धोनी का खेल देखकर ऐसा लगता था कि वह आगे चलकर बड़ा नाम कमाएंगे.
महेंद्र सिंह धोनी ने 1999-2000 सत्र में बिहार की ओर से रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था. उनका पहला मुकाबला 12 से 15 जनवरी 2000 के बीच जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम में असम के खिलाफ खेला गया था. इस मैच में धोनी ने पहली पारी में 40 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में नाबाद 68 रन की पारी खेली. बिहार ने यह मुकाबला 191 रन से अपने नाम किया था.
धोनी ने अपने शुरुआती रणजी सीजन में ही बल्लेबाजी की अच्छी क्षमता दिखाई. 1999-2000 सत्र में उन्होंने पांच मैचों की 10 पारियों में 283 रन बनाए थे. उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 68 रन रहा. उस समय शायद ही किसी ने सोचा होगा कि बिहार के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाला यह युवा आगे चलकर भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शामिल होगा.







