Breaking News

विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारतीय टीम को 90 लाख रुपये से अधिक का सहयोग, विदेशी प्रशिक्षण शिविर से बढ़ी तैयारी


खेल 28 April 2026
post

विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारतीय टीम को 90 लाख रुपये से अधिक का सहयोग, विदेशी प्रशिक्षण शिविर से बढ़ी तैयारी

नई दिल्ली, 28 अप्रैल । भारत की मेजबानी में आयोजित होने वाली शताब्दी विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीटीसी) से पहले भारतीय टेबल टेनिस टीम को मजबूत तैयारी के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने 90 लाख रुपये से अधिक का व्यापक सहयोग प्रदान किया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता मंगलवार से लंदन के वेम्बली स्थित ओवीओ एरिना में शुरू हो रही है, जो 10 मई तक चलेगी।

इस वैश्विक प्रतियोगिता में भारत का 19 सदस्यीय दल हिस्सा ले रहा है, जिसमें 10 खिलाड़ी, तीन कोच, तीन सहयोगी स्टाफ और तीन अभ्यास साझेदार शामिल हैं। टीम में मनिका बत्रा, जी. साथियान, मानव ठक्कर और हरमीत देसाई जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं, जो पुरुष और महिला दोनों वर्गों में भारत की चुनौती पेश करेंगे।

ग्रुप चरण में कड़ी चुनौती

पुरुष टीम को ग्रुप चरण में स्लोवाकिया, ट्यूनीशिया और ग्वाटेमाला के साथ रखा गया है, जबकि महिला टीम यूक्रेन, युगांडा और रवांडा से भिड़ेगी। ग्रुप मुकाबले 28 अप्रैल से 1 मई तक खेले जाएंगे। भारत इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगा, क्योंकि 2024 में बुसान में आयोजित पिछली प्रतियोगिता में दोनों टीमें अंतिम-32 चरण तक पहुंचकर बाहर हो गई थीं।

विदेशी प्रशिक्षण से निखरी तैयारी

साई की ओर जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार चैंपियनशिप की तैयारी के लिए साई ने चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। 13 से 19 अप्रैल तक बेंगलुरु स्थित नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान में राष्ट्रीय कोचिंग शिविर आयोजित किया गया, जिस पर 13.26 लाख रुपये खर्च किए गए। इसके बाद 21 से 26 अप्रैल तक शेफील्ड में विदेशी प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ, जिस पर 20.92 लाख रुपये खर्च किए गए। इस संयुक्त तैयारी का उद्देश्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के अनुरूप ढालना और उनकी मैच तैयारी को बेहतर बनाना था।

इसके अलावा, साई ने भारतीय टेबल टेनिस महासंघ को लगभग 60.1 लाख रुपये की राशि जारी की, जिससे खिलाड़ियों और अधिकारियों के हवाई यात्रा, आवास, दैनिक भत्ता और प्रवेश शुल्क जैसे खर्च पूरे किए जा सकें।

राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर, एशियाई खेलों से पहले अहम परीक्षा

टेबल टेनिस 2026 राष्ट्रमंडल खेलों का हिस्सा नहीं होगा, ऐसे में यह चैंपियनशिप 2026 एशियाई खेलों (जापान) की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। साथ ही, 2030 में भारत में होने वाले शताब्दी राष्ट्रमंडल खेलों से पहले यह टीम की ताकत और तैयारी का आकलन भी करेगी।

भारतीय टीम

पुरुष टीम: मानव ठक्कर, मनुष शाह, जी. साथियान, हरमीत देसाई, पायस जैन।

महिला टीम: मनिका बत्रा, यशस्विनी घोरपड़े, दिया चिताले, सुतिर्था मुखर्जी, सिंड्रेला दास

कोच: मासिमो कोस्टांटिनी (विदेशी विशेषज्ञ), सौरव चक्रवर्ती, सोमनाथ घोष।

You might also like!


RAIPUR WEATHER