Breaking News

शंभू रेलवे ट्रैक बम धमाके में चार गिरफ्तार, हथियार व गोला बारूद बरामद


देश 28 April 2026
post

शंभू रेलवे ट्रैक बम धमाके में चार गिरफ्तार, हथियार व गोला बारूद बरामद

चंडीगढ़, 28 अप्रैल । पंजाब के शंभू में बीती रात रेलवे ट्रैक पर हुए बम धमाका मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। इसके साथ ही सीमा पार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी (आईएसआई) के इशारे पर पंजाब में संचालित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है।

डीआईजी ने बताया कि मानसा निवासी परदीप सिंह खालसा, जिला मानसा के बप्पियाना निवासी कुलविंदर सिंह बग्गा, पंजवड़ जिला तरनतारन निवासी सतनाम सिंह सत्ता तथा जिला तरनतारन निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार किया गया है। इनसे प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि 27 अप्रैल की रात करीब 8:55 बजे इनके साथियों ने शंभू-अंबाला रेलवे मार्ग पर बम विस्फोट कर रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाया। इस संबंध में थाना जीआरपी पटियाला में मामला दर्ज किया गया था।

पटियाला रेंज के डीआईजी कुलदीप सिंह चाहल और जिला पुलिस प्रमुख वरुण शर्मा ने मंगलवार को पटियाला में पत्रकारों को बताया कि शंभू-अंबाला रेलवे मार्ग पर हुए बम धमाके की गुत्थी सुलझाने के लिए एसपी (एच) वैभव चौधरी की निगरानी में डीएसपी सुखअमृत सिंह रंधावा, सीआईए पटियाला के इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह बाजवा, सीआईए समाना के इंचार्ज इंस्पेक्टर अंकुरदीप सिंह, थाना कोतवाली पटियाला के एसएचओ इंस्पेक्टर जसप्रीत सिंह काहलो तथा स्पेशल सेल राजपुरा के इंचार्ज एसआई मनप्रीत सिंह की टीमों का गठन किया गया।

डीआईजी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से भारी मात्रा में युद्धक हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है, जो उन्होंने सीमा पार बैठे अपने आतंकी हैंडलरों की मदद से हासिल किया था। बरामद सामग्री में एक बम, 2 पिस्तौल सहित जिंदा कारतूस, आईईडी बनाने में प्रयुक्त सामग्री तथा मलेशिया में बैठे हैंडलरों से संपर्क के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला लैपटॉप और अन्य तकनीकी उपकरण शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक रिकॉर्ड भी है और उनके खिलाफ विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER