भोपाल, 28 अप्रैल । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में संचालित जैव विविधता संरक्षण के अगले अध्याय के रूप में मंगलवार को जंगली भैंसा पुनर्स्थापना योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कान्हा टाइगर रिजर्व में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान असम से लाए गए जंगली भैंसों के पुनर्स्थापना के लिए उन्हें बालाघाट जिले के सूपखार क्षेत्र में सॉफ्ट रिलीज किया। उन्होंने प्रदेश की धरती पर नए मेहमान के शुभ आगमन के लिए प्रदेशवासियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुभारंभ कर मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रदेश के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। लगभग 100 वर्ष के बाद प्रदेश की धरती पर जंगली भैंसा का पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना कार्य हो रहा है। यह मध्यप्रदेश के वन्य-जीव एवं वन पारिस्थितिक संरक्षण के लिए अद्भुत अवसर है। जंगली भैंसा के पुनर्वास से घास के मैदान के संरक्षण और ईको सिस्टम को मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विलुप्त प्रजातियां के वन्य-जीवों को मध्य प्रदेश में वापस लेकर आ रही है। इससे जंगल, वन्य प्राणियों से समृद्ध होगा और स्थानीय स्तर पर टूरिज्म से लोगों को रोजगार भी मिलेगा। जंगली भैंसों की ट्रांसलोकेशन से असम के साथ मध्यप्रदेश का एक नया रिश्ता कायम हुआ है। उन्होंने बताया कि असम यात्रा के दौरान उनकी असम के मुख्यमंत्री डॉ. हेमंत बिस्व सरमा के साथ जंगली भैंसों और गैंडा के पुनर्वास को लेकर सार्थक चर्चा हुई थी।
मध्य प्रदेश वन्य-प्राणी संरक्षण में देश में मिसाल प्रस्तुत कर रहा है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि बालाघाट जिले के जंगल में छोड़े गए जंगली भैंसों में तीन मादा और एक नर शामिल है। सभी जंगली भैंसा युवा अवस्था में हैं और स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश आज टाइगर और चीता स्टेट है, मध्यप्रदेश में मगरमच्छ, घड़ियाल और भेड़िया भी पर्याप्त संख्या में पाए जाते हैं। मध्यप्रदेश अब "वल्चर स्टेट" यानी गिद्ध स्टेट भी बना है। मध्य प्रदेश की धरा हर तरह के वन्य प्राणियों से समृद्ध है। कई सौ साल पहले विलुप्त हुए पर प्राणियों के पुनर्स्थापना से प्रदेश के समृद्ध वनों में वन्य प्राणियों के संरक्षण का सपना साकार हो रहा है। मध्यप्रदेश वन्य प्राणी संरक्षण में देश में मिसाल प्रस्तुत कर रहा है। हमारा यह प्रयास भावी पीढ़ियों को लाभ देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में अधोसंरचना विकास कार्यों को गति देने के साथ ही पारिस्थितिक तंत्र को मजबूत बनाने के लिए सम्पूर्ण निष्ठा के साथ निर्णय ले रही है। प्रधानमंत्री मोदी के कर कमलों से वर्ष 2022 में चीतों का पुनर्वास हुआ। आज कूनो अभयारण्य के बाद गांधी सागर अभ्यारण्य में भी चीते दौड़ लगा रहे हैं। सागर के पास नोरादेही अभयारण्य में भी चीतों को बसाने की पूरी तैयारी है। यह सभी कार्य प्रदेश के लिए धरोहर होंगे। इस अवसर पर सांसद भारती पारधी, भगत सिंह नेताम सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
जंगली भैंसों का असम से मध्य प्रदेश का सफर : विलुप्त प्रजाति की घर वापसी
अन्तर्राज्यीय सहयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान के प्रथम चरण में 19 मार्च से 10 अप्रैल 2026 के बीच, कांजीरंगा के मध्य और पूर्वी क्षेत्रों से 7 किशोर भैंसों को लिया गया। 25 अप्रैल 26 को 4 जंगली भैंसों ने कांजीरंगा से कान्हा टाइगर रिज़र्व तक की अपनी 2000 किलोमीटर की यात्रा की। इनका स्थानांतरण काजीरंगा और कान्हा, दोनों जगहों के वरिष्ठ अधिकारियों और अनुभवी पशु चिकित्सकों की देख-रेख में किया गया है। आज इन्हें सूपखार, कान्हा टाइगर रिज़र्व में स्थित बाड़े में सॉफ्ट रिलीज किया जा रहा है।
स्थानीय रूप से विलुप्त हो चुकी जंगली भैंसे की प्रजाति की पुन: घर वापसी (कान्हा) में जैव विविधता को बढ़ावा देगी और कान्हा टाइगर रिज़र्व में घास के मैदानों वाले पारिस्थितिकी तंत्र के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मध्य प्रदेश में जंगली भैंसों की आबादी लगभग 100 वर्ष पहले विलुप्त हो गई थी। वर्तमान में इनकी प्राकृतिक आबादी मुख्य रूप से असम में सीमित है, जबकि छत्तीसगढ़ में इनकी संख्या अत्यंत कम है।
भारतीय वन्य-जीव संस्थान (देहरादून) द्वारा किए गए अध्ययन में कान्हा टाइगर रिजर्व को जंगली भैंसों के पुनर्स्थापन के लिए सबसे उपयुक्त पाया गया है। यहां के विस्तृत घासभूमि क्षेत्र, पर्याप्त जल स्रोत और न्यूनतम मानव हस्तक्षेप इस प्रजाति के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ प्रदान करते हैं।
Breaking News
- दिल्ली में फिक्स्ड कम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन निर्माण को चुनौती वाली याचिका खारिज
- शंभू रेलवे ट्रैक बम धमाके में चार गिरफ्तार, हथियार व गोला बारूद बरामद
- विवादों से घिरी 'डॉन 3', सामने आया फरहान अख्तर का बयान
- हम टी-20 महिला विश्व कप खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे : नैट सिवर-ब्रंट
- विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारतीय टीम को 90 लाख रुपये से अधिक का सहयोग, विदेशी प्रशिक्षण शिविर से बढ़ी तैयारी
- उबर कप फाइनल्स: भारत को चीन से 0-5 की करारी हार, टूर्नामेंट से बाहर
- '3 इडियट्स 2' पर बड़ा अपडेट, आमिर खान ने बढ़ाई उत्सुकता
- फेमिना मिस इंडिया में 'विश्व सूत्रा' के जरिए दिखी भारतीय हैंडलूम की खूबसूरती
- भारत-न्यूजीलैंड एफटीए के बाद 2030 तक 2 ट्रिलियन यूएस डॉलर के निर्यात का लक्ष्य
- स्वाति मालीवाल ने भाजपा में शामिल होने की औपचारिकता पूरी की
असम के काजीरंगा से मप्र के कान्हा टाइगर रिजर्व में चार जंगली भैंसों का हुआ सफल पुनर्स्थापन







