Breaking News

धोखाधड़ी के आरोपी आलोक कुमार को प्रत्यर्पित कर देश लेकर आई सीबीआई


देश 02 May 2026
post

धोखाधड़ी के आरोपी आलोक कुमार को प्रत्यर्पित कर देश लेकर आई सीबीआई

नई दिल्ली । केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को हरियाणा में धोखाधड़ी और जालसाजी जैसे मामलों में वांछित आरोपी आलोक कुमार उर्फ यशपाल सिंह को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से प्रत्यर्पण कर यहां लाने में सफलता मिली है।

सीबीआई ने शनिवार को बताया कि इस आरोपी को शुक्रवार को मुंबई लाया गया जहां हरियाणा पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। सीबीआई ने कहा है कि उसे विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से रेड नोटिस जारी अभियुक्त आलोक कुमार उर्फ यशपाल सिंह को यूएई से भारत प्रत्यर्पित कराने में सफलता मिली है।

उक्त अभियुक्त हरियाणा पुलिस द्वारा दर्ज एक मामले में वांछित था, जिसमें धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश तथा जाली दस्तावेजों के माध्यम से धोखाधड़ीपूर्वक पासपोर्ट प्राप्त करने जैसे अपराध शामिल हैं। अभियुक्त एक सुव्यवस्थित गिरोह का मुख्य साजिशकर्ता था, जो फर्जी दस्तावेजों और गलत जानकारी के आधार पर भारतीय पासपोर्ट हासिल कराने में संलिप्त था। आरोप है कि अभियुक्त ने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले कई व्यक्तियों को फर्जी पहचान और पते का उपयोग कर पासपोर्ट प्राप्त करने में सहायता की। साथ ही, वह इन अवैध गतिविधियों के समन्वय और ऐसे व्यक्तियों के आव्रजन प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था।

हरियाणा पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल चैनलों के माध्यम से अभियुक्त के विरुद्ध रेड नोटिस जारी कराया। इसके बाद अभियुक्त का पता लगाकर उसे यूएई में प्राधिकरणों द्वारा गिरफ्तार किया गया। तत्पश्चात उन प्राधिकरणों को प्रत्यर्पण अनुरोध भेजा गया। विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राधिकरणों ने अभियुक्त के भारत प्रत्यर्पण को स्वीकृति प्रदान की।

You might also like!


RAIPUR WEATHER