इंदौर, 18 जून । मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप-2026 में चंबल घड़ियाल्स का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। टीम ने अब तक अपने सभी सात मुकाबले जीतकर अजेय रहने का रिकॉर्ड कायम रखा है। इस सफलता पर कप्तान शुभम शर्मा ने खुशी जताते हुए कहा कि लगातार जीत हासिल करना बेहद सुखद अनुभव है और टूर्नामेंट से पहले की गई कड़ी तैयारी ने टीम की इस कामयाबी में अहम भूमिका निभाई है।
चंबल घड़ियाल्स ने इस सीजन जीत का सिलसिला जारी रखा है। बीती रात टीम ने इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बुंदेलखंड बुल्स को 39 रनों से हराकर लगातार सातवीं जीत दर्ज की। इससे टीम इस सीजन अंक तालिका में 14 अंकों के साथ टॉप पर काबिज है।
बुंदेलखंड बुल्स के खिलाफ जीत के बाद कप्तान शुभम शर्मा ने कहा कि लगातार सात जीत हासिल करना बहुत अच्छा लग रहा है। जब तक हम जीतते रहते हैं तो ड्रेसिंग रूम का माहौल सकारात्मक रहता है। हालांकि हमें पता है कि अभी भी कुछ ऐसी जगहे हैं जहां हम सुधार कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि हर मैच में अलग-अलग चुनौतियां होती हैं और आज भी ऐसा ही था। हमने शुरुआत में कुछ विकेट गंवा दिए थे, इसलिए साझेदारी बनाना बहुत जरूरी हो गया था। कप्तान शर्मा ने कहा कि टूर्नामेंट से पहले की तैयारी ने हमारी सफलता में बड़ी भूमिका निभाई है। हमने ग्वालियर में एक साथ अच्छी ट्रेनिंग की, टीम के बीच मजबूत तालमेल बनाया और वही समझ हमें लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में मदद कर रही है।
मुकाबले की बात करें तो चंबल घड़ियाल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान शुभम शर्मा (81) और त्रिपुरेश सिंह (50) की शानदार पारियों की बदौलत अपने 20 ओवरों में आठ विकेट पर 218 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इन दोनों के अलावा अंकुश सिंह 26 रन, अमन भदौरिया 15 रन, मयूर पटेल ने नाबाद 13 रन और आवेश खान ने 7 रन का योगदान दिया।
बुंदेलखंड बुल्स की ओर से अनंत दुबे ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। यश पाटीदार, हर्षित परसाई, शिवांग कुमार और विक्रांत भदोरिया ने एक-एक विकेट लिया।
इसके बाद 219 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुएबुंदेलखंड बुल्स को शुरुआती झटका भूमेश मुजल्दा के रूप में लगा। वह एक रन बनाकर आउट हो गए। शिवांग कुमार और अभिषेक पाठक ने दूसरे विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी करके पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन फिर शिवांग 9 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हो गए। पाठक भी 18 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हो गए और बड़ी पारी नहीं खेल पाए। फिर हर्ष गवली और पार्थ गोस्वामी ने आखिर तक संघर्ष किया, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। हर्ष ने 48 गेंदों पर 70 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि गोस्वामी ने 44 गेंदों पर 55 रनों का योगदान दिया।
चंबल घड़ियाल्स के लिए त्रिपुरेश सिंह ने 2 विकेट लिए, जबकि आवेश खान और संदीप सिंह ने एक-एक विकेट हासिल किया।
Breaking News
- भारत की वीर पुत्री महारानी लक्ष्मीबाई
- शहीदी दिवस: गुरु अर्जन देव जी के आदर्शों का स्मरण
- लगातार जीत से उत्साहित चंबल घड़ियाल्स कप्तान शुभम शर्मा, बोले- तैयारियों ने दिलाई सफलता
- अपने असली हिंदू नाम का राज खोलकर चर्चा में आईं जीनत अमान
- आशीर्वाद स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव के साथ तीन नवनिर्मित कक्षों का लोकार्पण
- पश्चिम बंगाल में योग दिवस की तैयारियां जोरों पर, विभिन्न जिलों में चल रहा योगाभ्यास
- महापौर रामू रोहरा पहुंचे डबरीपारा, जलभराव और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
- बरसात में क्या खाएं और क्या न खाएं
- महिला टी20 विश्व कप: स्मृति, शेफाली और चरानी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने नीदरलैंड्स को 95 रनों से हराकर ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल किया।
- अमेरिकी फेड नीति पर बाजार सतर्क, सेंसेक्स-निफ्टी लगभग स्थिर
लगातार जीत से उत्साहित चंबल घड़ियाल्स कप्तान शुभम शर्मा, बोले- तैयारियों ने दिलाई सफलता






