Breaking News

ब्रिटेन में राजनीतिक संकट गहराया, प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के इस्तीफे की अटकलें तेज


विदेश 22 June 2026
post

ब्रिटेन में राजनीतिक संकट गहराया, प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के इस्तीफे की अटकलें तेज

 लंदन, 22 जून । ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, लेबर पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष और नेतृत्व पर सवालों के बीच स्टारमर अपने राजनीतिक भविष्य पर विचार कर रहे हैं। हालांकि सरकार की ओर से कहा गया है कि प्रधानमंत्री फिलहाल देश के शासन और नीतिगत कार्यों पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं।

ब्रिटेन के विभिन्न मीडिया रिपाेर्ट के अनुसार प्रधानमंत्री स्टारमर के नेतृत्व पर संकट उस समय और गहरा गया जब एंडी बर्नहम ने एक संसदीय उपचुनाव में जीत दर्ज कर संसद में प्रवेश किया। बर्नहम लंबे समय से लेबर पार्टी के भीतर एक प्रभावशाली नेता माने जाते हैं और उन्हें स्टारमर के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, लेबर पार्टी के 100 से अधिक सांसद सार्वजनिक रूप से स्टारमर से पद छोड़ने या उनके इस्तीफे की समय-सीमा घोषित करने की मांग कर चुके हैं। मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि कैबिनेट मंत्रियों, पार्टी सलाहकारों और ट्रेड यूनियन नेताओं के साथ चर्चा के बाद स्टारमर इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि उनके लिए पद पर बने रहना कठिन होता जा रहा है।

हालांकि, शुक्रवार को स्टारमर ने स्पष्ट किया था कि यदि नेतृत्व को लेकर कोई चुनौती सामने आती है तो वे उसका मुकाबला करेंगे। उन्होंने पार्टी नेताओं से आंतरिक संघर्ष से बचने और एकजुट रहने की अपील भी की थी।

2024 के आम चुनाव में लेबर पार्टी को भारी जीत दिलाने वाले स्टारमर हाल के महीनों में कई विवादों, नीतिगत बदलावों और बढ़ती आर्थिक चुनौतियों के कारण आलोचनाओं के केंद्र में रहे हैं। बढ़ती महंगाई, सार्वजनिक सेवाओं की स्थिति और अवैध प्रवासन जैसे मुद्दों पर सरकार के प्रदर्शन को लेकर जनता में असंतोष बढ़ा है।

इस बीच, बर्नहम ने अपनी चुनावी जीत के बाद देश के लिए "नई दिशा" देने का वादा किया है। हालांकि उन्होंने अभी तक औपचारिक रूप से नेतृत्व चुनौती की घोषणा नहीं की है, लेकिन उनके समर्थक स्टारमर से स्वेच्छा से पद छोड़ने का आग्रह कर रहे हैं।

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने भी संकेत दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर वे नेतृत्व की दौड़ में उतर सकते हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि स्टारमर पद छोड़ते हैं या उन्हें हटाया जाता है, तो ब्रिटेन को पिछले एक दशक में सातवां प्रधानमंत्री मिल सकता है। इससे देश की राजनीति में अस्थिरता और नेतृत्व संकट को लेकर नई बहस छिड़ सकती है।

उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सोशल मीडिया पर दावा किया कि स्टारमर प्रधानमंत्री पद छोड़ सकते हैं। हालांकि, ब्रिटिश सरकार ने कहा है कि इस संबंध में प्रधानमंत्री और ट्रंप के बीच कोई बातचीत नहीं हुई है।

अब पूरे देश की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या स्टारमर अपने पद पर बने रहेंगे या लेबर पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन का रास्ता खुलने वाला है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER