Breaking News

दमन के नमो एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा की कमर्शियल उड़ानें शुरू


व्यापार 17 July 2026
post

दमन के नमो एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा की कमर्शियल उड़ानें शुरू

नई दिल्ली, 17 जुलाई । दमन के नमो एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा के साथ कमर्शियल उड़ानें हुईं शुरू हो गई है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु और दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल ने एलायंस एयर की पहली सर्विस को हरी झंडी दिखाई। यह केंद्र शासित प्रदेश से राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के लिए पहली सीधी उड़ान सेवा है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक सरकारी स्वामित्व वाले क्षेत्रीय वाहक एलायंस एयर की इस उड़ान के शुभारंभ के साथ दमन का पहला सीधा हवाई संपर्क बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस नागरिक टर्मिनल की आधारशिला 25 अप्रैल, 2023 को रखी थी और हवाई अड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने 5 जून को किया था।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि केन्द्र शासित प्रदेश प्रशासन ने 25 एकड़ की भूमि पर 124 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण किया है, जिसमें नागर विमानन मंत्रालय ने इस परियोजना के लिए 88 करोड़ रुपये प्रदान किए हैं। यह टर्मिनल 3,700 वर्ग मीटर में फैला है और अभी यह हर दिन एटीआर 14 उड़ानों को संचालित करने में सक्षम है, जिसकी वार्षिक क्षमता 3 लाख 67 हजार यात्रियों की है।

राम मोहन नायडू ने अपने संबोधन में कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर दमन के लोगों को दिल से बधाई। अपनी पहली उड़ान के साथ ही दमन सीधे देश की राजधानी से जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब सूरत या मुंबई से होकर 8 से 10 घंटे बिताने के बजाय, दिल्ली दमन से सिर्फ 2.5 घंटे दूर होगी। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बदलाव लाने वाली उड़ान योजना से ही संभव हुआ है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हर वर्ष करीब 20 लाख पर्यटक दमन आते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ेगी, हमारी योजना रनवे को बढ़ाते हुए मुंबई, सूरत, अहमदाबाद और पटना जैसे शहरों से संपर्क स्थापित करना है और दमन में एयरबस ए320 जैसे विमान सहित बड़े विमानों को उतारना है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER