भारतीय मौसम
विभाग (आईएमडी) ने आज छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बहुत भारी बारिश के लिए
ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने कल तक हिमाचल प्रदेश, उत्तर
प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और उत्तर पूर्वी
भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।
मौसम विभाग
ने कर्नाटक, राजस्थान,
झारखंड, केरल, माहे और
तमिलनाडु में दिन के दौरान बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की
भविष्यवाणी की है। जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना,
आंध्र प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कल तक इसी तरह के
मौसम की संभावना है।
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में
बारिश से गर्मी से राहत मिल रही है। कई इलाकों में कल रात से ही बारिश हो रही है।
मौसम सुहावना हो गया है और दिल्ली भर में बादल छाए हुए हैं। मौसम एजेंसी के अनुसार,
राष्ट्रीय राजधानी में आज अधिकतम तापमान 32 से
34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री
सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।







