धमतरी, 24 अगस्त शिव सिंह वर्मा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धमतरी के विद्यार्थियों ने रचनात्मकता, मौलिक लेखन और हस्तलेखन का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए हस्तलिखित पत्रिका ‘गुंजन’ तैयार की है। प्राचार्या बी. मैथ्यू के दिशा-निर्देश और शिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयार इस पत्रिका में विद्यार्थियों ने लेखन से लेकर चित्रांकन, सजावट और कवर डिजाइन तक का पूरा काम अपने हाथों से किया है। विद्यालय की प्राचार्या, शिक्षक और रचनाकार विद्यार्थियों ने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से उनके कार्यालय में मुलाकात कर उन्हें यह विशेष पत्रिका भेंट की।
कलेक्टर मिश्रा ने पत्रिका का अवलोकन करते हुए बच्चों की मौलिक सोच, सुंदर हस्तलेखन और कलात्मक प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से बच्चों की प्रतिभा को मंच मिलता है और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस रचनात्मक अभियान से जोड़ा जाना चाहिए। विद्यालय में प्रतिवर्ष ‘गुंजन’ वार्षिक पत्रिका का प्रकाशन किया जाता है, लेकिन पहले यह ब्लैक एंड व्हाइट और प्रिंटेड स्वरूप में प्रकाशित होती थी। मोबाइल और एआई के बढ़ते दौर में इंटरनेट से सामग्री लेकर काम करने की प्रवृत्ति के बीच विद्यार्थियों की मौलिक लेखन क्षमता, पठन कौशल और हस्तलेखन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस बार पत्रिका को पूरी तरह हस्तलिखित और कलात्मक स्वरूप दिया गया।
पत्रिका के निर्माण में कक्षा छठवीं से नौवीं तक के विद्यार्थियों ने विशेष उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों के इस प्रयास से प्रेरित होकर विद्यालय के अन्य विद्यार्थी भी अपनी मौलिक रचनाओं को पत्रिका में स्थान दिलाने के लिए उत्साहित हैं। विद्यालय प्रशासन अब दिसंबर में ‘गुंजन’ का अगला अंक प्रकाशित करने की तैयारी कर रहा है, जिसमें पहली पत्रिका से प्रेरित होकर अपनी प्रतिभा दिखाने वाले विद्यार्थियों को विशेष अवसर दिया जाएगा। पत्रिका में रचनाएं, लेख और चित्रकारी प्रस्तुत करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए इसकी प्रतियां विद्यालय की प्रार्थना सभा में पुरस्कार स्वरूप भेंट की गईं। इस सम्मान से बच्चों के आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई है।







