धमतरी, 24 अगस्त जिले के जरूरतमंद, निराश्रित, वरिष्ठ नागरिक, विधवा, दिव्यांगजन सहित विभिन्न कमजोर वर्गों के लिए संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाएं उनके जीवन में आर्थिक संबल और सम्मान का आधार बन रही हैं। समाज कल्याण विभाग की योजनाओं से धमतरी जिले में कुल 72 हजार 582 हितग्राही नियमित पेंशन और सामाजिक सुरक्षा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 8 हजार 870, सुखद सहारा योजना में 7 हजार 147 और मुख्यमंत्री पेंशन योजना में 35 हजार 388 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। वहीं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 13 हजार 470, राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना में 6 हजार 605 और राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के तहत 1 हजार 159 हितग्राहियों को नियमित पेंशन मिल रही है। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उपकरण, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी योजनाएं भी संचालित हैं। वर्ष 2026-27 में अब तक 154 सहायक उपकरण वितरित किए गए हैं, जबकि कृत्रिम अंग उपकरण प्रदाय योजना के तहत 146 दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण मिले हैं।
दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना से 622 विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं। दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत पांच हितग्राहियों को कुल 2.50 लाख रुपये की सहायता दी गई है। इसके अलावा दिव्यांगजन सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना में एक तथा उच्च शिक्षा प्रोत्साहन योजना में छह हितग्राहियों को लाभ मिला है। अचानक परिवार के कमाऊ सदस्य की मृत्यु से उत्पन्न आर्थिक संकट में सहायता के लिए राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत 103 हितग्राहियों को प्रति हितग्राही 20 हजार रुपये के मान से कुल 20.60 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।
दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने में यूडीआईडी कार्ड भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जिले में अब तक 10 हजार 232 दिव्यांगजनों को दिव्यांगजन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इसी तरह तृतीय लिंग समुदाय को भी सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल की जा रही है और जिले में 43 व्यक्तियों को तृतीय लिंग पहचान पत्र प्रदान किए गए हैं।







