Breaking News

दिल्ली-एनसीआर में प्याज सिर्फ 35 रुपये किलो, केंद्र ने महंगाई पर कसी लगाम


व्यापार 28 August 2026
post

दिल्ली-एनसीआर में प्याज सिर्फ 35 रुपये किलो, केंद्र ने महंगाई पर कसी लगाम

दिल्ली-एनसीआर के बाजारों में प्याज 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने के बाद केंद्र सरकार ने आम लोगों को बड़ी राहत दी है। सरकारी एजेंसियां अब रियायती दर पर प्याज उपलब्ध करा रही हैं। महज 35 रुपये प्रति किलो की कीमत पर यह सस्ता प्याज दिल्ली-एनसीआर के 13 स्थानों पर बिक रहा है। जल्द ही बिक्री केंद्रों की संख्या बढ़ाकर करीब 40 कर दी जाएगी।

कृषि भवन से मोबाइल वैन रवाना, पहले दिन 400 किलो बिक्री 

बृहस्पतिवार को कृषि भवन परिसर में उपभोक्ता मामलों के विभाग की सचिव निधि खरे ने नेफेड और भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ(एनसीसीएफ) की मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी परिसर में लोगों को 35 रुपये किलो की दर से प्याज बेचा गया। पहले दिन करीब 400 किलो प्याज की बिक्री हुई। निधि खरे ने बताया कि देश में प्याज का उत्पादन और उपलब्धता पर्याप्त है। त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने से कीमतों में उतार-चढ़ाव होता है। इसे नियंत्रित करने के लिए सरकार बाजार में आपूर्ति बढ़ाने और कीमतों पर अंकुश लगाने के कई कदम उठा रही है।

नासिक से पहुंची पहली ‘कांदा एक्सप्रेस’

दिल्ली में प्याज की आपूर्ति बढ़ाने के लिए नासिक से चली पहली ‘कांदा एक्सप्रेस’ नई दिल्ली के आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पहुंच गई है। इस ट्रेन के जरिए बड़ी मात्रा में प्याज भेजा गया है, जिसकी रियायती दर पर बिक्री की जाएगी। आने वाले दिनों में और ट्रेनें पहुंचने की उम्मीद है।

बफर स्टॉक से 840 टन प्याज दिल्ली के लिए

उपभोक्ता मामलों के विभाग के निर्देश पर मूल्य स्थिरीकरण कोष के तहत बनाए गए बफर स्टॉक से 840 टन प्याज दिल्ली भेजने का फैसला लिया गया है। इसमें करीब 450 टन प्याज पहली कांदा एक्सप्रेस के जरिए पहुंच चुका है। लासलगांव स्टेशन प्रबंधक प्रितेश दुबे ने बताया कि ट्रेन को जल्द से जल्द गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास किया गया, ताकि राजधानी के उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

सरकार का मानना है कि रियायती दर पर बिक्री और अतिरिक्त आपूर्ति से दिल्ली-एनसीआर में प्याज की कीमतें नियंत्रित होंगी। त्योहारी सीजन में आम उपभोक्ताओं को महंगे प्याज से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER