Breaking News

पिता के निधन के तीन माह से भी कम समय में बेटी को मिली अनुकंपा नियुक्ति


छत्तीसगढ़ 01 September 2026
post

पिता के निधन के तीन माह से भी कम समय में बेटी को मिली अनुकंपा नियुक्ति


धमतरी, 01 सितंबर। पिता के निधन के बाद परिवार पर आई आर्थिक मुश्किलों के बीच जिला पंचायत धमतरी ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए स्वर्गीय भूपेन्द्र देवांगन की पुत्री गायत्री देवांगन को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की है। पिता के निधन के तीन माह से भी कम समय में नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें पंचायत सचिव (कर्मी) के पद पर नियुक्ति आदेश सौंपा गया।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने जिला पंचायत कार्यालय में गायत्री देवांगन को नियुक्ति आदेश प्रदान किया। स्वर्गीय भूपेन्द्र देवांगन जनपद पंचायत नगरी अंतर्गत ग्राम पंचायत खम्हरिया में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनका 04 मई 2026 को हृदयगति रुकने से निधन हो गया था। सेवा अवधि में उनकी लगभग आठ वर्ष की अवधि शेष थी। उनके आकस्मिक निधन से परिवार के सामने उत्पन्न आर्थिक एवं सामाजिक कठिनाइयों को देखते हुए शासन के प्रावधानों के तहत उनकी पुत्री को अनुकंपा नियुक्ति दी गई है।

गायत्री देवांगन को दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर अस्थायी रूप से जनपद पंचायत नगरी में पदस्थ किया गया है। नियुक्ति के बाद उन्हें दो माह की उन्मुखीकरण अवधि में जनपद पंचायत नगरी में कार्य करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान वे पंचायत सचिव के दायित्वों, पंचायतों के प्रशासनिक कार्यों तथा शासन की विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की कार्यप्रणाली से परिचित होंगी। उन्मुखीकरण अवधि पूर्ण होने के बाद जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा रिक्त ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव के आधार पर उनकी पदस्थापना की जाएगी। नियुक्ति शासन द्वारा निर्धारित सेवा शर्तों एवं नियमों के अधीन होगी। परिवीक्षा अवधि में उनके कार्य, व्यवहार एवं आचरण का नियमित मूल्यांकन किया जाएगा। नियुक्ति आदेश के अनुसार गायत्री देवांगन को पांच दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से कार्यभार ग्रहण करना होगा।

निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर नियुक्ति आदेश स्वतः निरस्त माना जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत के जिला लेखाधिकारी चंदन टंडन एवं उपसंचालक पंचायत नकुल प्रसाद वर्मा उपस्थित थे। अनुकंपा नियुक्ति के माध्यम से परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कर आर्थिक संबल प्रदान करना शासन की संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पिता की शासकीय सेवा से जुड़े परिवार को मिले इस अवसर से गायत्री देवांगन को भविष्य में अपने परिवार की जिम्मेदारियों को संभालने में सहूलियत मिलेगी।

You might also like!


RAIPUR WEATHER