Breaking News

सेवा ही भाजपा का संकल्प, जनकल्याण हमारी प्राथमिकता : केदार कश्यप


छत्तीसगढ़ 16 September 2026
post

सेवा ही भाजपा का संकल्प, जनकल्याण हमारी प्राथमिकता : केदार कश्यप

रायपुर 16 सितंबर । छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता केदार कश्यप ने बुधवार काे कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्रसेवा का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाला "सेवा संकल्प अभियान" इसी सेवाभाव को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ता रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और जरूरतमंदों की सेवा जैसे कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के संदेश को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा जाएगा।

केदार कश्यप ने बताया कि बस्तर में इस अभियान को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। दूरस्थ वनांचलों और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्थानीय समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में बस्तर शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार अंतिम गांव तक पहुंचाने के साथ केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।

केदार कश्यप ने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सरोकारों को जनआंदोलन का स्वरूप देना ही विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित बस्तर की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

You might also like!


RAIPUR WEATHER